Bihar

बिहार में खिलाड़ी ने खेला गलत शॉट तो भड़क गये एडीएम, अन्य खिलाड़ियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

पटना, 2 दिसंबर, 2024

राज्य के मधेपुरा जिले में एक अधिकारी के हनक का खामियाजा बैडमिंटन खिलाड़ियों को भुगतना पड़ा। दरअसल यहां एक एडीएम इतने गुस्से में आ गये कि उन्होंने खिलाडियों को दौड़ा- दौड़ा कर पीटा। अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। घटना रविवार की बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार मधेपुरा के इंडोर स्टेडियम में बैंडमिंटन खेलने के दौरान एडीएम गुस्से मे आगबबुला हो गए। दरअसल मधेपुरा के एडीएम शिशिर कुमार के द्वारा खिलाड़ियों से गाली-गलौज और पिटाई करने का मामला सामने आया है। मामला रविवार देर शाम का है। जिला पदाधिकारी तरणजोत सिंह आवास के बगल में अवस्थित बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में बने बैंडमिंटन कोर्ट मे कुछ खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे थे। इसी दौरान मधेपुरा एडीएम (विभागीय जाँच) शिशिर कुमार मिश्रा भी वहां कुछ अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे और खिलाड़ियों से उनके साथ बैंडमिंटन खेलने का दबाव बनाया। काफी देर से प्रैक्टिस करने के कारण खिलाड़ी थक चुके थे। लेकिन वहां इन लोगों के दबाव दिये जाने के बाद खिलाड़ी मैच खेलने लगे।

इसी दौरान एक खिलाड़ी द्वारा गलत शॉट खेल देने से एडीएम शिशिर कुमार गुस्से में आगबबुला हो गए। इसके बाद उन्होंने बैंडमिंटन की रैकेट से उस खिलाड़ी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने गए दूसरे लड़के की भी रैकेट से पिटाई कर दी। जिससे उस खिलाड़ी का सिर तो फूटा गया साथ ही गले और हाथ पर भी चोट लग गयी। इतना होने के बाद भी एडीएम नहीं माने। उन्होंने उस खिलाड़ी की बैंडमिंटन रैकेट तक तोड़ डाली और इस कोर्ट में प्रैक्टिस नहीं करने की धमकी भी दे दी। इसके बाद वह वहाँ से निकल गये।

इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी शख्स ने बना लिया जो कि वायरल हो रहा है। पीड़ित खिलाड़ी अधिकारियों के इस कृत्य से काफी डरे और सहमे हुए हैं। उन्होंने डीएम से इंसाफ की गुहार लगायी है। वहीं इस मामले में एडीएम शिशिर कुमार मिश्रा ने कुछ भी कहने से परहेज किया। उनका कहना था कि खेल के दौरान खिलाड़ियों ने कुछ कमेंट पास किया था। इसी दौरान हल्की-फुल्की दौड़ भाग हुई, जिसमें रैकेट टूट गया था। उन्होंने इस मामले अपने सिरे से ख़ारिज कर कहा कि यह आरोप सरासर बेबुनियाद और निराधार है।

ये भी पढ़ें  तेजस्वी यादव ने PM मोदी को लिखा पत्र, जाति जनगणना को लेकर की नई मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button