
लखनऊ, 18 सितंबर 2026:
यूपी के लखनऊ में 1090 चौराहे के पास रेगालिया ग्रीन्स में शुक्रवार से तीन दिवसीय India Food Expo-2026 शुरू हुआ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्सपो के 11वें संस्करण का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी स्टॉल का जायजा लेकर फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़ी मशीनरी, तकनीक व स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली।
55 जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी
इस बार एक्सपो में उत्तर प्रदेश के करीब 55 जिलों की भागीदारी है। वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन के तहत अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन व स्थानीय खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान समेत कई राज्यों के स्टॉल भी यहां लगाए गए हैं। एक्सपो में आने वाले लोगों को अलग-अलग राज्यों व जिलों के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को देखने के साथ उन्हें चखने का मौका भी मिल रहा है।
फूड प्रोसेसिंग से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में कृषि उपज के मूल्यवर्धन के लिए फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों की उपज को तैयार खाद्य उत्पादों में बदलकर उसकी बेहतर मार्केटिंग की जा सकती है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने फूड पॉलिसी-2023 के तहत फूड इंडस्ट्री लगाने वालों को दिए जा रहे अलग-अलग तरह के अनुदान का भी जिक्र किया। महिला उद्यमियों के लिए सोलर सब्सिडी के प्रावधान की जानकारी भी दी गई।
800 से ज्यादा ब्लॉकों में THR प्लांट की तैयारी
डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश में 200 से ज्यादा टेक-होम राशन यानी THR प्लांट चल रहे हैं। 800 से अधिक ब्लॉकों में इस तरह की इकाइयां स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने एक्सपो में प्रदर्शित मशीनरी व तकनीक को देखने के साथ इन्हें महिला स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।

किसानों, FPO और कारोबारियों को एक मंच
एक्सपो में उत्तर प्रदेश का हॉर्टिकल्चर विभाग, इन्वेस्ट यूपी, CFTRI, APEDA, NIFTEM, FPO, NABARD व SBI समेत कई विभाग और संस्थान शामिल हैं। यहां किसानों व कारोबारियों को फूड प्रोसेसिंग, नई तकनीक, वित्तीय सहायता, बाजार व एक्सपोर्ट से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। FPO से जुड़े किसान भी अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इससे स्थानीय खाद्य उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए कारोबारियों व उत्पादकों के बीच संपर्क का मंच मिल रहा है।
लखनऊ में 'इंडिया फूड एक्सपो-2026' के 11वें संस्करण का उद्घाटन एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर संबोधित किया।
यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार निवेश, नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा देते हुए उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई… pic.twitter.com/eqIp9osHoM
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) September 18, 2026
रेडी-टू-ईट उत्पादों की बढ़ती मांग
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि लोगों की खाने की आदतों में बदलाव के साथ रेडी-टू-कुक व रेडी-टू-ईट उत्पादों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग उद्योग की भूमिका भी बढ़ी है। उन्होंने खाद्य उत्पादों की क्वालिटी व सेफ्टी पर ध्यान देने की जरूरत बताई। इसके लिए नई तकनीक के इस्तेमाल के साथ बेहतर पैकेजिंग पर जोर दिया।

कारोबार विस्तार पर सेमिनार
एक्सपो में फ्रैंचाइज इंडिया के साथ सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा। इसमें खाद्य कारोबार को बड़े स्तर पर ले जाने, नए बिक्री केंद्र खोलने व SOP तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। एक्सपो में एक जनपद, एक व्यंजन को भी प्रमुखता दी गई है। इसके जरिए अलग-अलग जिलों के स्थानीय खाद्य उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ उन्हें बड़े बाजार तक पहुंचाने पर फोकस किया जा रहा है। एक्सपो तीन दिन चलेगा।






