Lucknow City

कंगना रनौत के बयान पर कांग्रेस महिला मोर्चा का हल्ला बोल, हुसैनगंज थाने पहुंचकर एफआईआर की मांग

अनामिका यादव के नेतृत्व में पुलिस को सौंपी तहरीर, कहा- Gen-Z, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और उनके परिवारों की गरिमा का हुआ अपमान, कथित वीडियो-ऑडियो सुरक्षित रखने की भी उठाई मांग

लखनऊ, 1 अगस्त 2026:

नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले युवाओं को लेकर भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के कथित आपत्तिजनक बयान पर शनिवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में राजनीतिक विवाद गहरा गया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव के नेतृत्व में कांग्रेस महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुसैनगंज थाने पहुंचीं तथा कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।

महिला कांग्रेस का आरोप है कि कंगना का कथित बयान केवल प्रदर्शन कर रहे छात्रों तक सीमित नहीं है अपितु इससे देश की पूरी नई पीढ़ी (Gen-Z), छात्र-छात्राओं, महिलाओं और उनके परिवारों की गरिमा को ठेस पहुंची है। तहरीर में कहा गया है कि इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी समाज में वैमनस्य और अशांति का माहौल पैदा कर सकती है तथा बड़ी संख्या में लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

महिला मोर्चा ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया कि कथित बयान से जुड़े मूल वीडियो, ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाए, ताकि जांच के दौरान उनका उपयोग किया जा सके।

ये भी पढ़ें:

प्रदर्शन के दौरान जैनब हैदर, जारा हैदर, महक हैदर, ज्योति रावत, मीना रावत, सोनी रावत, गुड़िया रावत सहित अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की नई पीढ़ी, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक भाषा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए।

कांग्रेस महिला मोर्चा ने पुलिस से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर ले ली है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

ये भी पढ़ें  UP में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव : कांग्रेस ने 5 प्रत्याशी उतारे, सभी 11 सीटों के लिए ये ऐलान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button