लखनऊ, 21 मार्च 2026:
कानपुर मेट्रो परियोजना अब तेजी से अपने अगले चरण में पहुंच रही है। कॉरिडोर-1 में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो पहले ही चल रही है, जबकि बाकी हिस्से में काम लगभग पूरा होने की ओर है। बारादेवी से नौबस्ता तक पांच एलिवेटेड स्टेशनों पर ट्रायल रन जारी है, जिससे इस सेक्शन में जल्द यात्रियों के लिए सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
बता दें कि करीब 23 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 में 15.4 किलोमीटर हिस्सा पहले से चालू है। झकरकट्टी से ट्रांसपोर्ट नगर तक दो अंडरग्राउंड स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग चल रही है। सुरंग के अप लाइन में ट्रैक बिछ चुका है, जबकि डाउन लाइन में काम आखिरी दौर में है।
बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। जनवरी 2026 से इस हिस्से में ट्रेन की टेस्टिंग और ट्रायल रन चल रहा है, ताकि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद सेवा शुरू की जा सके।
दूसरी तरफ, कॉरिडोर-2 का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएसए यूनिवर्सिटी से बर्रा तक करीब 8.6 किलोमीटर लंबे इस रूट में रावतपुर से डबल पुलिया तक तीन अंडरग्राउंड स्टेशनों पर काम जारी है। सुरंग का काम लगभग पूरा हो चुका है। सीएसए यूनिवर्सिटी से विजय नगर होते हुए बर्रा तक पांच एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण भी चल रहा है। पूरे कॉरिडोर-2 को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।






