गोरखपुर : खजनी कस्बे में धधकी आग, चार दुकानें जलकर खाक

हरेंद्र दुबे
गोरखपुर, 30 मार्च 2025:
यूपी के गोरखपुर जिले के खजनी कस्बे में रविवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैली और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना के बावजूद मौके पर केवल एक फायर ब्रिगेड पहुंचने से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। कोई अधिकारी भी तुरंत नहीं पहुंचा, जिससे नाराज व्यापारियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
नाराज व्यापारियों ने जाम की सड़क, प्रदर्शन
लगभग आधे घंटे तक खजनी-गोरखपुर मुख्य मार्ग बाधित रहा। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और आग बुझाने के लिए चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल का पानी खत्म हो गया और स्थिति बेकाबू होने लगी।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर काबू पाया। इस हादसे में श्री रेडीमेड गारमेंट्स समेत चार दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।






