Lucknow City

किसानों को खाद की किल्लत नहीं होने देगी सरकार, जीरो स्टॉक समितियों पर सख्त निगरानी

यूपी में 5.02 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 4.04 लाख एलएमटी फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध, ओवररेटिंग और टैगिंग पर सख्त चेतावनी, डीएम-सीडीओ करेंगे नियमित समीक्षा

लखनऊ, 17 अगस्त 2026:

खरीफ सीजन में किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की निगरानी और तेज कर दी है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग में हुई समीक्षा बैठक में जिलों से लेकर समितियों तक खाद की स्थिति पर लगातार नजर रखने और कम या शून्य स्टॉक वाली समितियों को तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा में सामने आया कि 12 अगस्त तक प्रदेश में 5.02 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 4.04 लाख एलएमटी फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध था। खरीफ-2026 में अब तक कुल 10.83 लाख एलएमटी उर्वरक का क्रमिक वितरण किया जा चुका है। सरकार के अनुसार पिछले खरीफ सत्र की तुलना में इस बार यूरिया के क्रमिक वितरण में 2.73 लाख एलएमटी और फास्फेटिक उर्वरक में 1.70 लाख एलएमटी की स्थिति बेहतर है।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी समितियों और वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रहे। विशेष रूप से शून्य और अल्प स्टॉक वाली समितियों की लगातार समीक्षा कर जरूरत के अनुसार तत्काल आपूर्ति की जाए। प्रत्येक जिले में एडीएम या सीडीओ स्तर के अधिकारी को उर्वरक व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें:

बाढ़ प्रभावित किसानों पर भी विशेष फोकस किया गया है। ऐसे क्षेत्रों में यदि स्थानीय समिति तक पहुंच प्रभावित होती है तो किसानों को नजदीकी वैकल्पिक समिति से जोड़ने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों में खाद पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

मुख्य सचिव ने सीडीओ को रोजाना और डीएम को साप्ताहिक स्तर पर खाद की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा करने को कहा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि उर्वरक की ओवररेटिंग या अनधिकृत टैगिंग की शिकायत किसी भी स्थिति में नहीं मिलनी चाहिए।

किसानों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

किसानों की शिकायतों और खाद की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सहकारिता विभाग ने नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखा है। किसान 0522-2289887 पर सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 1800-180-5551 पर भी सहायता ली जा सकती है। सरकार का प्रयास है कि खरीफ के अहम दौर में खाद की कमी किसानों की परेशानी न बने।

ये भी पढ़ें  राजनाथ सिंह के Birthday पर मेगा सफाई अभियान, वार्डों में उतरा नगर निगम का पूरा अमला

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button