Lucknow News : LDA की लॉटरी में 1,436 लोगों के खिले चेहरे, दिवाली पर मिला अपने प्लॉट का तोहफा
नैमिष नगर और वरुण विहार में भूखण्डों का आवंटन, सफल आवेदकों में खुशी की लहर, आज अंतिम दिन 860 भूखण्डों का निकलेगा लकी ड्रॉ
लखनऊ, 6 नवंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना संजो रहे लोगों के लिए इस दिवाली खुशियों की सौगात मिल रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की नैमिष नगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं में भूखण्ड पाने की उम्मीद लगाए बैठे आवेदकों में से 1,436 लोगों का इंतजार खत्म हो गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लॉटरी के दूसरे दिन दोनों योजनाओं के भूखण्डों का आवंटन किया गया। जैसे ही आवेदकों के हाथों से निकली पर्चियों में नाम सामने आए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों के लिए यह दिवाली जिंदगी के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गई।
एलडीए की ओर से लॉटरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदकों को खुले मंच पर बुलाया गया और उन्हीं के हाथों से लकी ड्रॉ की पर्चियां निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। कई आवेदक ऐसे भी रहे जिन्होंने लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर सीधे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर खुशी का इजहार किया।

वरुण विहार में 617 लोगों को मिला भूखण्ड
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी आयोजित की गई। इसमें 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 617 भूखण्डों का आवंटन किया गया। आज 162, 288, 300 और 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के शेष 727 भूखण्डों का लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
नैमिष नगर में 819 आवेदकों की खुली किस्मत
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना के प्रथम चरण की लॉटरी कराई गई। इसमें 162 और 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के कुल 819 भूखण्ड आवंटित किए गए। शुक्रवार को 288 और 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के शेष 133 भूखण्डों का आवंटन होगा।
38 हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण
एलडीए की दोनों आवासीय योजनाओं के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चली थी। इस दौरान कुल 38,457 लोगों ने आवेदन किया। लॉटरी के दूसरे दिन 1,436 भूखण्डों का आवंटन किया गया जबकि अंतिम दिन 860 भूखण्डों के लिए लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
इस तरह तीन दिनों की प्रक्रिया में कुल 2,296 भूखण्डों का आवंटन पूरा होगा। लॉटरी के दौरान वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार और विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार, रोहित सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






