लखनऊ में LDA का बुलडोजर एक्शन : मोहनलालगंज में 4 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, दुबग्गा में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स सील
10 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही थीं अवैध कॉलोनियां, जेहटा में बिना नक्शा पास कराए बन रहा था व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, एलडीए की कार्रवाई से हड़कंप
लखनऊ, 6 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराने वालों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने फिर बड़ा अभियान चलाया है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीमों ने मोहनलालगंज में चार अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। वहीं, दुबग्गा के जेहटा में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां बसाने वालों और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराने वालों में खलबली मच गई है।

एलडीए के प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम अतरौली में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। यहां एसबी सिंह, संजय सिंह, राम मिलन, एके कुशवाहा और अन्य लोगों द्वारा करीब 10 बीघा क्षेत्रफल में चार स्थानों पर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से इन सभी अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के मुताबिक दुबग्गा के जेहटा में जीवन रक्षा हॉस्पिटल के सामने कन्हैया कुमार व अन्य द्वारा करीब 120 वर्गमीटर के भूखंड पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण के लिए एलडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को सील कर दिया।
मालूम हो कि इससे पहले भी एलडीए सुशांत गोल्फ सिटी, गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर, खुर्रमनगर, चिनहट समेत कई इलाकों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि शहर में नियोजन नियमों का उल्लंघन कर अवैध प्लाटिंग या निर्माण कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






