लखनऊ, 27 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित बिल्डर हत्याकांड के मोस्ट वांटेड मुख्य शूटर एवं एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार लंबे समय से संजय पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस को शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि संजय बाइक से इंदिरा कैनाल रोड क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एएसपी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देख संजय ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जिसमें संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

संजय उर्फ संजीव मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का निवासी था। वह 27 मई को लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में हुए बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। घटना को अंजाम देने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय एक शातिर अपराधी था। उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। जांच में यह भी सामने आया कि वह अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर सनसनीखेज वारदात को अंजाम देता था। क्षेत्र में उसका नाम आतंक का पर्याय बन चुका था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संजय के मारे जाने के बाद अब हत्याकांड से जुड़े उसके अन्य साथियों और गैंग के सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गैंग के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।






