Lucknow City

टॉयलेट पर ताला, फूटा व्यापारियों का गुस्सा, नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, किया ये ऐलान

दुकानों की बंदी की चेतावनी, लखनऊ के गोमतीनगर की मलिक टिंबर जनता मार्केट में दो महीने से बंद सार्वजनिक शौचालय पर बवाल, पार्किंग में वेंडिंग जोन और अतिक्रमण से भी व्यापारी नाराज, सोमवार को मेयर से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

लखनऊ, 2 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में मलिक टिंबर के जनता मार्केट में रविवार शाम व्यापारियों का गुस्सा नगर निगम के खिलाफ खुलकर सामने आया। सार्वजनिक शौचालय पर पिछले दो महीने से ताला लगे होने और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पार्षद की ओर से मार्केट के सार्वजनिक शौचालय पर ताला बंद कराया गया है। इससे दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्राहकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने बताया कि मार्केट में बड़ी संख्या में महिलाएं नौकरी करने और खरीदारी के लिए आती हैं लेकिन शौचालय बंद होने के कारण उन्हें काफी दिक्कत होती है। महिला कर्मचारियों को मजबूरी में आसपास के घरों में शौचालय का सहारा लेना पड़ता है जबकि पुरुष दुकानदार और कर्मचारी सड़क किनारे जाने को विवश हैं। उनका कहना है कि नगर आयुक्त से लेकर स्थानीय पार्षद तक कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सार्वजनिक शौचालय नहीं खोला गया और उनकी अन्य समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे दुकानें बंद कर नगर निगम मुख्यालय के बाहर बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मार्केट के बाहर एलडीए ने दुकानदारों और ग्राहकों की सुविधा के लिए पार्किंग बनाई थी, लेकिन नगर निगम ने वहां वेंडिंग जोन बना दिया।

ये भी पढ़ें:

इसके चलते सड़क के दोनों ओर ठेले-खोमचे लग गए हैं और ग्राहकों के वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं। व्यापारियों का आरोप है कि शाम होते ही बची हुई सड़क पर अराजक तत्व कार खड़ी कर शराब का सेवन करते हैं, जिससे बाजार का माहौल प्रभावित होता है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ जाती हैं।
lucknow-gomti-nagar-janata-market-public-toilet-protest (2)

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता अपने पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सोमवार को मेयर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। इसके लिए व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मेयर को ज्ञापन भी सौंपेगा। प्रदर्शन में सत्य नारायण तिवारी, रमेश सिंह, अनुज कुमार समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  इकाना IPL मैच अलर्ट : रूट डायवर्जन से बदलेंगे शहर के कई रास्ते, घर से निकलने से पहले संभलें!

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button