Lucknow City

Lucknow News : बारिश में लखनऊ की विरासत बेहाल, छोटे इमामबाड़े का हिस्सा ढहा, 150 साल पुरानी बिल्डिंग भी टूटी

जर्जर इमारतों पर बरसात की मार से हड़कंप, छोटे इमामबाड़े में आवाजाही रोकी गई, कैसरबाग में पुरानी होम्योपैथिक डिस्पेंसरी की छत भी ढही, डॉक्टर-कर्मचारियों में दहशत

लखनऊ, 27 सितंबर 2026:

तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने नवाबी दौर की ऐतिहासिक विरासत के लिए भी खतरे की घंटी बजा दी है। यूपी की राजधानी लखनऊ में बारिश के बीच पुराने और जर्जर भवनों के हिस्से गिरने लगे हैं। पुराने शहर के ऐतिहासिक छोटे इमामबाड़े के मुख्य गेट के ऊपर बना नक्काशीदार हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन गेट के आसपास बल्लियां और बैरिकेडिंग लगाकर पर्दा कर दिया और आवाजाही रोक दी है।

छोटा इमामबाड़ा लखनऊ की नवाबी विरासत की प्रमुख पहचान है। ऐसे में इसके मुख्य प्रवेश द्वार के जर्जर हिस्से के गिरने से ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। हुसैनाबाद ट्रस्ट के सचिव की जिम्मेदारी संभालने वाले एडीएम के मुताबिक मौके पर पहले से मरम्मत का काम चल रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि मौसम सुधरने पर गेट की मरम्मत कराई जाएगी।

हालांकि रॉयल फैमिली ऑफ अवध के एक पदाधिकारी ने हुसैनाबाद ट्रस्ट पर ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा और संरक्षण में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गेट कई वर्षों से जर्जर हालत में था और इसकी मरम्मत के लिए समय-समय पर आवाज उठाई जाती रही लेकिन इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद उन्होंने प्रशासन से गेट की मरम्मत कराने के साथ आसपास का अतिक्रमण हटाने की मांग की।

ये भी पढ़ें:

lucknow-heavy-rain-chhota-imambara-historic-building-roof-collapse (2)

कैसरबाग में 150 साल पुराने भवन की छत ढही

बारिश के बीच कैसरबाग में भी एक पुरानी इमारत का हिस्सा ढह गया। करीब 150 साल पुराने होम्योपैथिक डिस्पेंसरी भवन की छत का एक हिस्सा गिरने से यहां काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। यह भवन कुछ समय पहले से राजकीय नेशनल होम्योपैथिक कॉलेज को आवंटित है। इसमें होम्योपैथिक डिस्पेंसरी संचालित होती है।

खास बात यह है कि इस भवन में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। इसी जर्जर भवन में जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी और एक अन्य कार्यालय भी संचालित हो रहा है। प्रांतीय होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा संघ और उप्र राजकीय होम्योपैथिक फार्मेसी सेवा संघ के कार्यालय भी इसी भवन में हैं। लगातार बारिश ने इन पुरानी इमारतों की कमजोर होती हालत को सामने ला दिया है।

ये भी पढ़ें  ग्रीन गैस मीटर अपडेट के नाम पर APK भेजा, 13 रुपये जमा करते ही खाते से निकले 6.38 लाख

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link