Lucknow City

‘GDP के आंकड़े किस काम के, गरीब पत्नी का दाह संस्कार तक नहीं कर पा रहा’, अखिलेश का भाजपा पर तीखा हमला

आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी का वादा, स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार को घेरा, बोले- महंगाई और भ्रष्टाचार से निपटने का रास्ता नहीं, इसलिए सांप्रदायिकता के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है भाजपा

लखनऊ, 10 सितंबर 2026:

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य व्यवस्था और सांप्रदायिकता को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर सभी को पक्की नौकरी देने का वादा दोहराया। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े का नाम लिए बिना उन पर भी तंज कसा।

अखिलेश ने कहा कि सरकार विकास और जीडीपी बढ़ने के आंकड़े गिना रही है लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने झांसी की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक गरीब व्यक्ति की पत्नी की बीमारी से मौत हो गई। इलाज के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। वह घंटों शव लेकर बैठा रहा लेकिन किसी ने मदद नहीं की। एक कॉन्स्टेबल ने घर पहुंचाने में मदद की। मगर दाह संस्कार के लिए पैसे नहीं होने के कारण उसे अपनी पत्नी का शव नदी में बहाना पड़ा।

सपा अध्यक्ष ने सवाल किया, ‘एक गरीब अपनी पत्नी का दाह संस्कार नहीं कर पा रहा, लाश नहीं ले जा पा रहा तो ये GDP के आंकड़े किस काम के हैं?’ उन्होंने कहा कि ये आंकड़े उनके मित्रों के लिए हैं, जो बड़े-बड़े कारोबार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

‘अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत’

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि एक बच्ची के पैर में फ्रैक्चर के बाद प्लास्टर लगाया गया, लेकिन बाद में संक्रमण होने पर उसकी टांग काटनी पड़ी। उन्होंने 15 अगस्त को बताई गई उस घटना का भी जिक्र किया, जिसमें पेट दर्द के इलाज के लिए अस्पताल गए व्यक्ति का हाथ काटना पड़ा था।

akhilesh-yadav-bjp-attack-gdp-inflation-healthcare-permanent-jobs (2)

अखिलेश ने कहा कि सिर्फ अस्पताल बना देना पर्याप्त नहीं है। अच्छे डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सुविधाएं और डायग्नोस्टिक व्यवस्था जरूरी है। तंज कसते हुए बोले, ‘इनके अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है। सरकार को भी इलाज की जरूरत है।’ उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर गरीब को अस्पताल में इलाज के लिए कोई कार्ड नहीं दिखाना पड़ेगा।

तावड़े पर तंज- ‘मुंबई से कोई तिजोरी लेकर आया है’

भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, ‘AI के जमाने में TI आए हैं। मुंबई से कोई तिजोरी लेकर आया है, उसे भरने के लिए।’ उन्होंने 3 लाख रुपये के मोबाइल के लॉन्च का जिक्र करते हुए कहा कि पत्रकारों को सिर्फ ‘DI’ ही दिया जा सकता है।

लखनऊ को अवार्ड मिलने पर भी उन्होंने कटाक्ष किया- ‘शुक्र है बारिश के दिनों में AQI नापा गया।’ इसके साथ ही कहा कि सपा सरकार बनने पर लखीमपुर और पीलीभीत को ऑल वेदर एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।

आकाश आनंद पर बोले- ‘लेकर आओगे तो शामिल कर लूंगा’

बसपा से आकाश आनंद को निकाले जाने के सवाल पर अखिलेश ने इसे बसपा का आंतरिक मामला बताया और कहा कि दूसरे लोगों को इस पर बोलने का हक नहीं है। हालांकि, सपा में आकाश आनंद को शामिल कराने के सवाल पर मुस्कुराते हुए बोले…’लेकर आओगे तो शामिल कर लूंगा।’

इस दौरान अखिलेश ने बड़ी-बड़ी मूंछों वाले ललितपुर के जगदीश यादव को अपने साथ बैठाया और मूंछों की देखभाल के लिए उन्हें लिफाफा भी दिया। अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोजगार से लेकर स्वास्थ्य, महंगाई और सांप्रदायिक राजनीति तक भाजपा सरकार पर सीधा और आक्रामक हमला देखने को मिला।

ये भी पढ़ें  स्कूल की किताबें कबाड़ी को बेचने का मामला : एबीएसए की जांच में सच आया सामने, ग्रामीणों का प्रदर्शन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button