लखनऊ : इकाना में भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे…. इस दिन दिखेगा रोहित-विराट का जलवा
आईपीएल 2026 के बाद घर में सीरीज, 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम होगा मुकाबला
स्पोर्ट्स डेस्क, 3 मार्च 2026:
राजधानी स्थित इकाना स्टेडियम में 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच एक दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। इस साल का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा जो इकाना में होगा। क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने का लुत्फ मिलेगा।
बीसीसीआई के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक यह सीरीज का दूसरा वनडे होगा। आईपीएल 2026 के समापन के तुरंत बाद भारतीय टीम अपने घर में अफगानिस्तान की मेजबानी करेगी। क्रिकेट हलकों में चर्चा है कि 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की दिशा इसी सीरीज से तय होगी। ऐसे में रोहित और विराट की भूमिका टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
कई प्रमुख खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में
इस मुकाबले में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी भी नजर आ सकते हैं। फैंस को उम्मीद है कि आईपीएल के बाद खिलाड़ी शानदार फॉर्म में दिखेंगे और इकाना का माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो जाएगा।

इकाना में अब तक नौ वनडे मुकाबले
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अब तक नौ वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इनमें वनडे विश्व कप के पांच मुकाबले भी शामिल रहे हैं। लखनऊ में टीम इंडिया का यह तीसरा वनडे होगा। पहला मुकाबला छह अक्तूबर 2022 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था, जिसमें अफ्रीकी टीम ने नौ रन से जीत दर्ज की थी। दूसरा मुकाबला 29 अक्तूबर 2023 को विश्व कप के दौरान भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ था, जिसमें भारतीय टीम ने 100 रन से शानदार जीत हासिल की थी।
अफगानिस्तान के लिए अजनबी नहीं है मैदान
इकाना स्टेडियम कुछ समय तक अफगानिस्तान का होम ग्राउंड भी रह चुका है। ऐसे में वहां के खिलाड़ी पिच और परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। हालांकि भारतीय टीम की मजबूत बल्लेबाजी और घरेलू दर्शकों का समर्थन मेहमान टीम के लिए आसान चुनौती नहीं होगी।






