लखनऊ : NCERT के पाठ्यक्रम में बदलाव के विरोध में में NSUI का प्रदर्शन… पुलिस ने लिया ये एक्शन
छात्रों का आरोप-गांधीजी, गोडसे और गुजरात दंगों जैसे विषयों को कोर्स से हटाना इतिहास के साथ छेड़छाड़ करना है, पुलिस ने हिरासत में लेकर भेज दिया ईको गार्डन
लखनऊ, 3 नवंबर 2025:
एनसीईआरटी की ओर से महात्मा गांधी, आरएसएस, नाथूराम गोडसे और 2002 के गुजरात दंगों से संबंधित विषयवस्तु को पाठ्यक्रम से हटाए जाने के खिलाफ सोमवार को लखनऊ के चारबाग स्थित जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) के बाहर एनएसयूआई के छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
कॉलेज के मुख्य द्वार पर सुबह बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तख्तियां और बैनर लिए “इतिहास बचाओ”, “शिक्षा बचाओ” और “शिक्षा मंत्री मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना था कि गांधीजी, गोडसे और गुजरात दंगों जैसे अध्याय देश की सामूहिक चेतना का हिस्सा हैं। इन्हें पाठ्यक्रम से हटाना इतिहास के साथ छेड़छाड़ करना है।

विरोध प्रदर्शन के चलते कॉलेज गेट के बाहर काफी देर तक ट्रैफिक बाधित रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
एनएसयूआई ने एनसीईआरटी से मांग की है कि वह अपने निर्णय को वापस ले और छात्रों को इतिहास की सच्चाई के साथ शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दे।






