ReligiousUttar Pradesh

लखनऊ : बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में गूंजे बजरंगबली के जयकारे, कदम-कदम पर लगे भंडारे

लखनऊ, 10 जून 2025:

ज्येष्ठ माह के पांचवें और अंतिम बड़े मंगल (मंगलवार) के अवसर पर लखनऊ के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने दिनभर दर्शन-पूजन किया। इस दिन विशेष रूप से शहर से लेकर कस्बों तक जगह-जगह भंडारे आयोजित किए गए, जिनमें भक्तों ने पूड़ी-सब्जी, छोला चावल, कढ़ी चावल समेत अन्य प्रसादों का आनंद लिया।

बड़े मंगल के अवसर पर अलीगंज पुराना और नया हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, अमीनाबाद हनुमान मंदिर, हजरतगंज के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, अलीगंज के गुलाचीन मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में सोमवार रात 12 बजे के बाद से दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी। मंगलवार शाम तक मंदिर परिसर बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे। अलीगंज के गुलाचीन मंदिर के बाहर श्रद्धालु कड़ी धूप में नंगे पांव खड़े होकर दर्शन करने के लिए इंतजार करते नजर आए।

बजरंगबली को अर्पित किया विशेष भोग

Advertisement

हनुमान सेतु मंदिर में भगवान बजरंगबली को 51 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया गया, जबकि उदयगंज हनुमान मंदिर में हनुमानजी को चांदी का मुकुट पहनाया गया। लेटे हुए हनुमानजी मंदिर में श्रद्धालुओं ने आरती के बाद 21 नारियल चढ़ाए।

शहर में भंडारों का आयोजन, डिप्टी सीएम ने बांटा प्रसाद

शहर के हर 500 मीटर पर भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को खीर, पूड़ी, सब्जी, चावल और कढ़ी का प्रसाद वितरित किया गया। परिवर्तन चौराहे पर आयोजित भंडारे में 56 व्यंजनों का प्रसाद भक्तों को बांटा गया। हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास भाजपा के महामंत्री और विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने भंडारा कराया। इस अवसर पर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भक्तों को पूड़ी-सब्जी वितरित की। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कई नेता मौजूद रहे।

मंत्रियों और नेताओं का भंडारे में सहभाग

राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने गौतमपल्ली स्थित अपने आवास पर भंडारा आयोजित किया, जिसमें कैबिनेट मंत्री संजय निषाद व अन्य नेता भी शामिल हुए। सर्वोदयनगर में विकास भवन के सामने स्थित चौहान मार्केट में भाजपा नेता सुरेश प्रताप सिंह चौहान और रमेश सिंह चौहान की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूड़ी-सब्जी, छोला चावल आदि का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ यूपी प्रेस क्लब और विधायक निवास दारुलशफा के गेट पर पत्रकारों ने भंडारे का आयोजन किया।

नाका हिंडोला में व्यापारी वर्ग का भंडारा

नाका हिंडोला के आर्यनगर बारात घर में नाका परिक्षेत्र व्यापार मंडल की ओर से पवन मनोचा, सुरेश तेजवानी, इंद्रजीत सिंह और अन्य व्यापारियों ने भंडारे का आयोजन किया। इस भंडारे में पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला सभा जूही सिंह लखनऊ व्यापार मंडल के चैयरमैंन राजेंद्र अग्रवाल आदि ने प्रसाद का वितरण किया।

 

ये भी पढ़ें  प्रमोद तिवारी ने पहलगाम पर उठाए सवाल, कहा... सरकार की चूक से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link