Lucknow City

खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी! मेरठ के खेल विश्वविद्यालय का डिप्लोमा अब देशभर में दिलाएगा रोजगार

पीजी डिप्लोमा को NSNIS, LNIPE और UGC मान्यता प्राप्त डिप्लोमा के बराबर दर्जा, खेल शिक्षा में यूपी की नई पहचान, स्पोर्ट्स कोचिंग डिप्लोमा से देशभर में रोजगार के अवसर, 2026-27 सत्र के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

लखनऊ, 19 जुलाई 2026:

यूपी में खेल प्रतिभाओं को तराशने और खेल शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग करने वाले विद्यार्थियों के लिए अब रोजगार और करियर के अवसरों का दायरा और व्यापक होगा।

विश्वविद्यालय का पीजी डिप्लोमा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की वर्ष 2018 की अधिसूचना के तहत नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनएसएनआईएस), पटियाला, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर और यूजीसी से मान्यता प्राप्त राज्य विश्वविद्यालयों द्वारा प्रदान किए जाने वाले समकक्ष डिप्लोमा के समान मान्य होगा।

इस मान्यता को प्रदेश में खेल शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसका सीधा लाभ उन युवाओं को मिलेगा जो खिलाड़ी बनने के साथ-साथ भविष्य में प्रशिक्षक, कोच या खेल विशेषज्ञ के रूप में अपना करियर बनाना चाहते हैं। अब उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली खेल शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मेरठ में ही आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध होगी।

ये भी पढ़ें:

विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने बताया कि राज्य विश्वविद्यालय की मान्यता प्राप्त होने से पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के छात्रों के लिए रोजगार के अवसर और अधिक विस्तृत होंगे। देशभर के खेल संस्थानों, विश्वविद्यालयों, सरकारी विभागों, खेल अकादमियों और निजी संस्थानों में इन विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं प्रशिक्षण की संभावनाएं बढ़ेंगी। विशेष रूप से उत्तर भारत के अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण खेल शिक्षा अपने क्षेत्र में ही सुलभ हो सकेगी।

अश्वक्रीड़ा में भी डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी

2026-27 सत्र में इन खेल विधाओं में प्रवेश
विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी, कुश्ती, मुक्केबाजी, योग और हॉकी जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही खेल पत्रकारिता एवं जनसंचार को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय जल्द ही इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स यानी अश्वक्रीड़ा में भी डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

Meerut Sports University Diploma for Wider Job Reach (1)

31 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

छात्रों के हित में विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। पहले 15 जुलाई 2026 तक आवेदन किया जा सकता था, लेकिन अब इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

खिलाड़ी ही नहीं, भविष्य के कोच भी तैयार होंगे

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि ऐसे दक्ष प्रशिक्षक तैयार करना भी है, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को दिशा दे सकें। विद्यार्थियों को अनुभवी विशेषज्ञ संकाय, आधुनिक खेल अवसंरचना, अत्याधुनिक प्रशिक्षण उपकरण और खेल विज्ञान आधारित शिक्षण प्रणाली उपलब्ध कराई जाएगी।

योगी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में खेलों और खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है। प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, स्टेडियम और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया गया है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, पुरस्कार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में मेरठ का मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश को खेल शिक्षा के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

यह प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि : खेल निदेशक

प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह का कहना है कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के पीजी डिप्लोमा को एनएसएनआईएस, एलएनआईपीई और यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों के समकक्ष मान्यता मिलना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे युवाओं को प्रदेश में ही गुणवत्तापूर्ण खेल शिक्षा प्राप्त करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह मान्यता उत्तर प्रदेश में खेल शिक्षा और प्रशिक्षित कोच तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ मेट्रो की नई पहल : महिलाओं के लिए ‘मायदीदी’ ईवी-बाइक सेवा, 5 किमी तक सफर सिर्फ ₹15 में

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button