MI vs SRH : 243 का पहाड़ भी छोटा पड़ा, हैदराबाद का धुआंधार चेज, मुंबई पॉइंट्स टेबल में फिसली
IPL 2026 में वानखेड़े में फैला रोमांच, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन की तूफानी पारियों से 18.4 ओवर में ही मैच खत्म, रेयान रिकेल्टन का शतक बेअसर, मुंबई की इस सीजन में छठी हार
स्पोर्ट्स डेस्क, 30 अप्रैल 2026:
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खूब रन बरसे, लेकिन जीत सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रही। 243 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद भी मुंबई इंडियंस मुकाबला नहीं बचा सकी। हैदराबाद ने 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर 249 रन बनाते हुए छह विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा रनचेज दर्ज किया। टीम के अब नौ मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ मुंबई आठ मैचों में छह हार के साथ नौवें पायदान पर खिसक गई है।

हैदराबाद की तेज शुरुआत ने मैच का रुख बदल दिया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों ने 8.4 ओवर में 129 रन जोड़ दिए। अभिषेक 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हेड ने 30 गेंद में 76 रन की तेज पारी खेली।
मध्य ओवर में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन हेनरिक क्लासेन ने पारी संभाल ली। नीतीश रेड्डी के साथ 80 रन की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। आखिर में क्लासेन और सलिल अरोड़ा ने तेजी से रन जोड़ते हुए मैच खत्म कर दिया। क्लासेन 65 रन बनाकर नाबाद लौटे।

अफसोस ये रहा रिकेल्टन का शतक भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को विल जैक्स और रेयान रिकेल्टन ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 93 रन की साझेदारी हुई। जैक्स 46 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन रिकेल्टन टिके रहे।
रिकेल्टन ने 55 गेंद में 123 रन की नाबाद पारी खेली। बीच में सूर्यकुमार यादव, नमन धीर और हार्दिक पांड्या ने छोटे योगदान दिए। टीम ने 20 ओवर में 243 रन बनाए, जो जीत के लिए काफी दिख रहा था, लेकिन गेंदबाज इसे बचा नहीं सके।






