Ho Halla SpecialPolitics

मिल्कीपुर उपचुनाव : अखिलेश का सरकार पर हमला, बोले… होटलों के लिए हड़पी गरीबों की जमीनें

अयोध्या, 3 फरवरी 2025:

यूपी के अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव प्रचार के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कई गंभीर आरोप लगाए।

अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने की कही बात

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में विकास के नाम पर गरीबों की जमीनें छीनीं और उचित मुआवजा तक नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

‘भाजपा के लोग ही हैं सबसे बड़े भूमाफिया’

Advertisement

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार अयोध्या में खरीदी गई जमीनों की सूची जारी कर दे तो यह साफ हो जाएगा कि सबसे बड़े भूमाफिया कौन हैं। सबसे बड़े भूमाफिया भाजपा के लोग ही हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि फाइव स्टार होटल बनाने के लिए गरीबों की जमीनें हड़पी गईं, लेकिन मुआवजा नहीं दिया गया।

‘योगी आदित्यनाथ किसी के नही’

सपा प्रमुख ने कहा कि खुद भाजपा के लोग भी जानते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी के नहीं हैं। वे भाजपा वालों के भी नहीं हैं, वे केवल परिस्थितियों के अनुसार काम कर रहे हैं।

उपचुनाव में प्रशासन का दुरुपयोग कर रही भाजपा

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रही है। इसके लिए अफसरों की तैनाती की गई है, लेकिन उनमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समुदाय के लोग नहीं हैं।

‘महाकुंभ में भगदड़ पर सरकार नाकाम’

महाकुंभ में भगदड़ की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने योगी सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री गूगल पर सर्च करना नहीं जानते हैं। अगर वे गूगल पर महाकुंभ टाइप करें, तो उन्हें पता चल जाएगा कि कितनी जगह भगदड़ मची है। अखिलेश यादव के इन बयानों के बाद अयोध्या का सियासी माहौल गरमा गया है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ: कैंसर से पीड़ित सपा नेता ने गोली मार कर ली अपनी जान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link