Lucknow City

बर्थडे पार्टी में मातम : लखनऊ में बिल्डर के घर चली गोली… 13 वर्षीय किशोर की मौत

कृष्णानगर इलाके में हुई घटना, कनपटी में लगी गोली, दोस्त के घर पार्टी मे गया था सातवीं कक्षा का छात्र, रील बनाने के चक्कर में गोली चलने की बात कही जा रही लेकिन परिजन हादसा मानने को तैयार नहीं

लखनऊ, 3 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में सोमवार शाम एक जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बिल्डर संजीव त्रिपाठी के घर आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली से सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र उन्नैज की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक संजीव त्रिपाठी ने अपने 14 वर्षीय बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए घर पर समारोह रखा था। बेटे ने अपने दोस्तों को पार्टी में बुलाया था। शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि उन्नैज खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। गोली उसके सिर की कनपटी में लगी थी। आनन-फानन में उसे लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

WhatsApp Image 2026-03-03 at 9.07.30 AM

ये भी पढ़ें:

शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि बिल्डर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर एसयूवी के डैशबोर्ड में रखी थी। पार्टी के दौरान बेटे ने दोस्तों को दिखाने के लिए गाड़ी से रिवाल्वर निकाल ली। बताया जा रहा है कि वह असलहा दिखाते हुए रील भी बनवा रहा था। इसी बीच अचानक गोली चल गई। वह सीधे उन्नैज की कनपटी में जा लगी।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला खेल-खेल में चली गोली का लग रहा है लेकिन सभी एंगल से जांच की जा रही है। पार्टी में मौजूद बच्चों और अन्य लोगों से पूछताछ की जाएगी। घटनास्थल कृष्णानगर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है।

Advertisement

उधर, बदाली खेड़ा निवासी उन्नैज के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता जमील खान प्रॉपर्टी का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मां शमा अफरोज बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। परिवार इस घटना को महज हादसा मानने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि गोली सटीक कनपटी पर लगी है। ऐसे में इसे दुर्घटना कैसे कहा जा सकता है।
एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में जनता दर्शन : CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, पीड़ितों को दिया ये आश्वासन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link