दिल्ली ब्लास्ट कनेक्शन : लखनऊ के लालबाग में डॉ. शाहीन के पिता के घर NIA का छापा
फरीदाबाद डॉक्टर मॉड्यूल की अहम कड़ी मानी जा रही लखनऊ की रहने वाली डॉ. शाहीन, उसके भाई डॉ. परवेज के घर को भी खंगाल चुकी है UP ATS
लखनऊ, 1 दिसंबर 2025:
दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामदगी मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने फरीदाबाद डॉक्टर मॉड्यूल की अहम कड़ी मानी जा रही लखनऊ की रहने वाली डॉ. शाहीन के लालबाग इलाके में स्थित पैतृक घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। टीम ने घर की गहन तलाशी ली तथा परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
मालूम हो कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस और यूपी एटीएस ने तीन हफ्तों पहले भी डॉ. शाहीन से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर जांच कर चुकी है। लालबाग स्थित घर में डॉ. शाहीन के पिता सईद अंसारी और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। अधिकारियों के अनुसार टीम ने यहां से दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्री की जांच की है, जिनका विश्लेषण आगे की कार्रवाई में उपयोगी हो सकता है।

फरीदाबाद में गत माह भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के मामले में डॉ. शाहीन को वहां से 9 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि उसकी कार से एके-47 राइफल, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए थे। उसके डॉ. मुजम्मिल से करीबी संबंध होने की भी बात जांच में सामने आई है, जिससे एजेंसियों ने पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी तेज कर दी है।
जांच एजेंसियां इससे पहले 11 नवंबर को लखनऊ में डॉ. शाहीन व उनके भाई डॉ. परवेज अंसारी के ठिकानों पर भी छापेमारी कर चुकी हैं। लालबाग के घर के अलावा मड़ियांव के आईआईएम रोड स्थित डॉ. परवेज के मकान की भी गहन तलाशी ली गई थी। उस समय घर बंद मिला था, जिसे पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत खुलवाकर भीतर मौजूद दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और संदिग्ध सामग्री की जांच की।
डॉ. परवेज अंसारी लखनऊ के इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात थे। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट से लगभग एक सप्ताह पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। एटीएस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके संपर्कों की गहन जांच जारी है।
मामला अब पूरी तरह NIA के पास है, जो दिल्ली ब्लास्ट, हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी तथा इससे जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने पर काम कर रही है। एजेंसी लखनऊ, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत अन्य शहरों में फैले संभावित नेटवर्क की गतिविधियों को समझने के लिए जांच का दायरा और विस्तृत कर रही है। पढ़िए पुरी खबर






