ReligiousUttar Pradesh

बुढ़वा मंगल पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हरेन्द्र दुबे
गोरखपुर, 21 जनवरी 2025:

यूपी के गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में आज बुढ़वा मंगल धूमधाम से मनाया जा रहा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु महायोगी बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी का भोग अर्पित कर रहे हैं। सुबह 4 बजे से शुरू हुआ खिचड़ी चढ़ाने का सिलसिला दिनभर जारी रहेगा। इसके साथ ही मेले में श्रद्धालु खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं।
मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ के अनुसार, बुढ़वा मंगल पर खिचड़ी चढ़ाना मकर संक्रांति के बराबर पुण्यकारी माना जाता है। जो श्रद्धालु मकर संक्रांति पर खिचड़ी नहीं चढ़ा पाते, वे इस दिन का इंतजार करते हैं। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए इस दिन विशेष तैयारियां की गई हैं।

दान-पुण्य और आराधना का महत्व

पंडित शरद चंद्र मिश्र ने बताया कि बुढ़वा मंगल पर दान-पुण्य करना अक्षय फल प्रदान करता है। श्रद्धालुओं को सुबह स्नान कर सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए और हनुमानजी, मंगल देव एवं शनिदेव की आराधना करनी चाहिए। इस दिन काले तिल, चावल, उरद की दाल, अदरक और मूली का दान करना शुभ माना गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गोरखनाथ मंदिर में भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अस्थायी रूप से एक पुलिस थाना और पांच पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। मेले में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं।

Advertisement

सर्द मौसम में भी नहीं डिगा श्रद्धालुओं का उत्साह
सर्दी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। महिलाएं मेले में खरीदारी में व्यस्त हैं, जबकि बच्चे झूलों का आनंद ले रहे हैं। गोरखनाथ मंदिर में चल रहे खिचड़ी मेले का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।

ये भी पढ़ें  'जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में भारत विरोधी तत्व जुटते हैं'- बिहार के राज्यपाल ने कही बड़ी बात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link