लखनऊ, 16 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। ऐशबाग स्थित एलडीए के प्रीमियम ‘ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट’ प्रोजेक्ट में फ्लैट्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दी गई है। पहले यह अवधि समाप्त होने वाली थी लेकिन अधिक लोगों को मौका देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इसे 15 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है।
इस आधुनिक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में 384 प्रीमियम फ्लैट्स बनाए जाएंगे। हर फ्लैट लगभग 1900 वर्गफीट क्षेत्रफल का होगा। सभी फ्लैट 3 बीएचके के साथ सर्वेंट रूम की सुविधा से लैस होंगे। इन फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है जो इसे शहर के प्राइम लोकेशन वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल करती है।
एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार ऐशबाग के मिल रोड पर प्रस्तावित यह प्रोजेक्ट कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद खास होगा। यहां से चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन के अलावा नाका, आलमबाग और अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजारों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक आवासीय सुविधा मिलना लोगों के लिए एक बड़ा अवसर है।
करीब 17,910 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट में चार ऊंचे टावर बनाए जाएंगे जिनकी ऊंचाई 27 मंजिल होगी। सोसाइटी में आधुनिक जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस, पार्क, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा परिसर में ही व्यावसायिक जरूरतों के लिए कॉमर्शियल दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा।
फ्लैट का पंजीकरण केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा। इसके लिए सामान्य वर्ग के आवेदकों को फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत राशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी। फ्लैट्स का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा।
एलडीए ने इस प्रोजेक्ट को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। आवंटियों को पांच वर्षों के भीतर फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद खरीदारों को शेष राशि 36 महीने की आसान किश्तों में जमा करनी होगी। ऐसे में यह प्रोजेक्ट आधुनिक सुविधाओं से भरपूर होने के साथ निवेश और आवास दोनों के लिहाज से आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है।






