Lucknow City

20 मिनट में हजरतगंज से वरूण विहार : हैदर कैनाल के बराबर LDA बनाएगा 11 किमी एलिवेटेड रोड

2100 प्लॉट्स का जून में खुलेगा पंजीकरण, 2664 हेक्टेयर में बसने जा रही सबसे बड़ी आवासीय योजना, दो सेक्टरों में शुरू होगा आवंटन, भूमि अधिग्रहण और सड़क नेटवर्क को लेकर तेज हुई तैयारी

लखनऊ, 16 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आवासीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी योजना ‘वरूण विहार’ को शहर के मुख्य हिस्से से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत हैदर कैनाल के समानांतर करीब 11 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड विकसित की जाएगी।

इससे हजरतगंज से वरूण विहार तक की दूरी मात्र 20 मिनट में पूरी हो सकेगी। वर्तमान में यह सफर करीब 50 मिनट का समय लेता है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कैनाल के समानांतर बनने वाली यह मास्टर प्लान रोड शहर के दो छोर को सीधे जोड़ेगी। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और योजना की उपयोगिता भी बढ़ेगी।

वरूण विहार योजना को आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे 2664 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत सदर और सरोजनीनगर तहसील के भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा, दोना आदि गांवों की भूमि किसानों से सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है।

WhatsApp Image 2026-04-16 at 8.28.42 AM

भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 853 हेक्टेयर भूमि के लिए सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 335 हेक्टेयर भूमि का बैनामा एलडीए के पक्ष में हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सेक्टरवार विवरण तैयार किया जाए जिससे स्पष्ट हो सके कि किस सेक्टर में कितनी भूमि अधिग्रहित हो चुकी और कितनी प्रक्रिया में है।

योजना के तहत कैलाश खंड और काशी खंड नामक दो सेक्टरों में जून 2026 में लगभग 2100 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इसके साथ ही 60 मीटर, 45 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

वहीं, अनंत नगर योजना की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए नादरगंज से टीएस मिश्र विद्यालय, मोहान रोड होते हुए किसान पथ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह और अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button