पुणे: मंगेतर ने ही मंगेतर को मरवाने की रची साजिश, 40 वर्षीय प्रेमी भी शामिल

पुणे,3 अप्रैल 2025
पुणे के अहिल्यानगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से ठीक पहले होने वाली दुल्हन ने अपने मंगेतर पर जानलेवा हमला करवाया। इस साजिश में उसका 40 वर्षीय प्रेमी भी शामिल था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती के चचेरे भाई समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मयूरी डांगड़े (20) की शादी सागर जयसिंह कदम से तय हुई थी, जो बाणेर में एक फास्ट फूड दुकान में कुक का काम करता है। दोनों की सगाई हो चुकी थी और 12 मार्च को शादी होनी थी। 27 फरवरी को सागर ने मयूरी को उसके रिश्तेदार के घर छोड़ा, लेकिन रास्ते में चार लोगों ने उसे घेरकर लाठियों से पीट दिया। हमलावरों ने कहा कि उसकी टांगें तोड़ दो ताकि वह शादी में शामिल न हो सके। हमले में गंभीर रूप से घायल सागर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सागर ने 1 मार्च को यवत पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि उसे 21 और 22 फरवरी को अनजान नंबर से धमकी भरे कॉल आए थे। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 28 मार्च को एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह मयूरी का चचेरा भाई था। उसने पूरी साजिश का खुलासा किया, जिसमें मयूरी का 40 वर्षीय प्रेमी, जो अहिल्यानगर के श्रीगोंडा में एक गैरेज का मालिक है, भी शामिल था।
युवती ने सागर से शादी से इनकार करने को कहा था, लेकिन जब उसने मना कर दिया तो उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची। 27 फरवरी को उसने सागर को फिल्म देखने के लिए बुलाया और फिर हमलावरों को हमले के लिए बुला लिया। जांच में पता चला कि युवती और उसके प्रेमी ने हमलावरों को 1.25 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक महिला अभी भी फरार है।






