Sports

हाई स्कोरिंग पिच पर आज फिर रन बरसेंगे रन, क्या सूर्यकुमार की जबरदस्त फॉर्म के आगे वापसी कर पाएगा न्यूजीलैंड?

सीरीज में 3-0 से आगे टीम इंडिया आज विशाखापट्टनम में चौथे टी20 में उतरेगी, जहां नजरें फिर सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर होंगी। मजबूत घरेलू रिकॉर्ड और बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच पर न्यूजीलैंड के सामने खुद को साबित करने की चुनौती रहेगी

खेल डेस्क, 28 जनवरी 2026:

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ वाई एस राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6 बजकर 30 मिनट पर किया जाएगा। भारत ने तीसरा टी20 आठ विकेट से जीतकर पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल सीरीज में 3-0 से पीछे चल रही है।

विशाखापट्टनम में भारत का मजबूत रिकॉर्ड

वाइजैग में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां अब तक खेले गए चार टी20 मुकाबलों में भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी। घरेलू मैदान पर भारत का आत्मविश्वास हमेशा ऊंचा रहा है और यही वजह है कि न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है।

ये भी पढ़ें:

बुमराह को आराम, अर्शदीप को मौका

चौथे टी20 में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। उनके वर्कलोड और टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट यह फैसला ले सकता है। उनकी जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की पूरी संभावना है। अर्शदीप को तीसरे मुकाबले में आराम दिया गया था।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 12.48.31 PM

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 15 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 10 में सफलता मिली है। तीन मुकाबले टाई रहे हैं। भारत में दोनों टीमों के बीच 14 टी20 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 10 और न्यूजीलैंड ने केवल 4 मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड भारत में अब तक एक भी टी20 सीरीज नहीं जीत सका है और उसे लगातार पांचवीं सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।

सूर्या का जलवा और दबाव में न्यूजीलैंड की टीम

कप्तान सूर्यकुमार यादव इस सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दूसरे टी20 में 82 और तीसरे में नाबाद 57 रन बनाए हैं और वे सीरीज के टॉप स्कोरर हैं। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन भी अर्धशतक लगा चुके हैं। गेंदबाजी में हार्दिक पंड्या सबसे सफल रहे हैं। न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि जैकब डफी सबसे सफल गेंदबाज हैं।

बाउंस और रफ्तार से भरपूर पिच

विशाखापट्टनम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस और रफ्तार मिलती है, जिससे बड़े स्कोर बनते हैं। मैच के दूसरे हिस्से में स्पिन गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिलती है। ओस की वजह से लक्ष्य का पीछा करना आसान होता है। मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 19 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह/अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे/फिन ऐलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चापमन/जिमी नीशम , मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमिसन, जैकब डफी, ईश सोढी और मैट हैनरी।

ये भी पढ़ें  IPL 2026: आज शाम इकाना में होगी LSG व DC की भिड़ंत... लखनऊ पर चढ़ा क्रिकेट का बुखार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link