National

CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले… अन्याय करने वालों को ऐसा सबक सिखाएं कि नजीर बने

गोरखनाथ मंदिर में 'जनता दर्शन' कार्यक्रम का आयोजन, पीड़ितों के लिए 'संकटमोचक' की भूमिका में दिखे मुख्यमंत्री, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे लोगों को दिया सहायता का भरोसा

​गोरखपुर, 28 जनवरी 2026:

​गोरखपुर प्रवास के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह ठंड के बीच गोरखनाथ मंदिर में ‘जनता दर्शन’ के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। वह पीड़ितों के लिए ‘संकटमोचक’ की भूमिका में दिखे। भू-माफियाओं और दबंगों के लिए उनका रुख बेहद सख्त नजर आया।

​दबंगों और भू-माफियाओं को सीधी चेतावनी

​जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात के दौरान जब कुछ फरियादियों ने दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत की तो मुख्यमंत्री के तेवर तल्ख हो गए। वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर कब्जा करने वाले दबंगों और कमजोरों को उजाड़ने वालों को कतई न बख्शा जाए। उनके विरुद्ध न केवल कठोर कानूनी कार्रवाई हो, बल्कि उन्हें ऐसा सबक सिखाया जाए कि वह दूसरों के लिए नजीर बने। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है। किसी के भी साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-01-28 at 12.19.55 PM

Advertisement

कहा- ​इलाज के लिए धन की कमी नहीं आएगी आड़े

​आर्थिक तंगी के कारण गंभीर बीमारियों का इलाज न करा पाने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने बड़ी राहत दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को तत्काल पूरा कर शासन को भेजें। उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि इलाज के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी और पैसा सीधे अस्पताल के खाते में भेजा जाएगा। पारिवारिक और राजस्व विवादों पर उन्होंने अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संवाद कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

​बच्चों को दुलराया और चॉकलेट के साथ दिया आशीर्वाद

​जनता दर्शन का माहौल उस समय भावुक हो गया जब मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए नन्हे बच्चों का नाम पूछा और उन्हें दुलार किया। उन्होंने दो छोटे बच्चों को अपनी गोद में लेकर उनका अन्नप्राशन भी कराया। बच्चों को चॉकलेट बांटते हुए उन्होंने आशीर्वाद दिया दिया कि खूब पढ़ो और खूब आगे बढ़ो।

​इससे पहले मुख्यमंत्री की सुबह की शुरुआत मंदिर परिसर के भ्रमण और गो-सेवा से हुई। गोशाला पहुंचते ही उन्होंने गोवंश को उनके नाम से पुकारा। मुख्यमंत्री ने बड़े ही स्नेह से उन्हें पुचकारा और अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाकर उनके साथ कुछ सुकून भरे पल बिताए।

ये भी पढ़ें  पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार का बड़ा फैसला, पाकिस्तान के साथ होने वाले सभी आयात पूरी तरह से बंद

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link