National

साध्वी निरंजन ज्योति बनीं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष, कहा… पिछड़ों के सम्मान व अधिकारों की रक्षा हमारी प्राथमिकता

आयोग के कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली, पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर की साझा, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दी बधाई

नई दिल्ली, 18 मार्च 2026:

पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने बुधवार को आयोग की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित आयोग के कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संस्कृत श्लोक ‘सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके…’ के साथ अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

यूपी की पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य पिछड़े वर्गों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए समाज के वंचित तबकों को न्याय, सुरक्षा और समान अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि जब तक पिछड़ा समाज सशक्त नहीं होगा तब तक देश का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। इसलिए आयोग की प्राथमिकता समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगी। इस मौके पर यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने साध्वी निरंजन ज्योति को बधाई देते हुए कहा कि उनका अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग प्रभावी ढंग से काम करेगा और समाज के वंचित वर्गों के हितों की मजबूती से रक्षा करेगा।

ये भी पढ़ें  फिक्की के सम्मेलन में बोले सीएम….भर्ती में वसूली करते थे चाचा-भतीजा, अब सब पारदर्शी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link