Lucknow CityNational

अब टोल प्लाजा की लाइन नहीं… मोबाइल से मिलेगा लोकल पास! NHAI का ‘मार्गमित्र’ भी लॉन्च

डिजिटल सुविधा, 20 किमी दायरे में रहने वाले लोगों को घर बैठे मिलेगा डिजिटल टोल पास, FASTag, रिफंड, KYC से लेकर सड़क पर खड़ी गाड़ी और अतिक्रमण की शिकायत तक एक ही ऐप में हाईवे की हर मदद

लखनऊ, 21 जुलाई 2026:

नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब स्थानीय टोल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा के चक्कर लगाने और कागजी दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन ‘लोकल पास’ सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिजिटल ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया गया है।

इन दोनों सुविधाओं के जरिए NHAI ने हाईवे यात्रा को कागज रहित, तेज और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नई ‘लोकल पास’ सुविधा के तहत पात्र यात्री अब टोल प्लाजा पहुंचे बिना मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से टोल पास खरीद सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई है। आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा तक भी विस्तार दिया जाएगा।

संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय निवासी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे और एक महीने के दौरान संबंधित टोल प्लाजा से असीमित यात्रा कर सकेंगे। पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर अपनी पात्रता साबित करनी पड़ती थी और कई दस्तावेज जमा करने होते थे। अब यह पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।

ये भी पढ़ें:

NHAI ने इसके लिए डिजीलॉकर और ‘वाहन’ जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ सहमति-आधारित एकीकरण किया है। इसके जरिए आवेदक के पते, वाहन संख्या और लिंक किए गए FASTag से जुड़े सत्यापित विवरण स्वतः प्राप्त किए जा सकेंगे। पात्रता का GIS आधारित सत्यापन भी किया जाएगा। इससे कागजी प्रक्रिया खत्म होगी और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Advertisement

22 भाषाओं में शिकायत से समाधान तक पूरी डिजिटल सुविधा

इसके साथ ही NHAI ने ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप में ‘मार्गमित्र’ नाम का बुद्धिमान डिजिटल हेल्प सेंटर भी शुरू किया है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सिंगल विंडो सुविधा के रूप में काम करेगा। यात्री भारत की 22 भाषाओं में टाइप करके या बोलकर अपनी समस्या, सवाल और शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्लेटफॉर्म संबंधित जानकारी देने के साथ ही जरूरत पड़ने पर उपयोगकर्ता को उचित सेवा या विभाग तक पहुंचाएगा।
nhai-rajmarg-yatra-app-online-local-toll-pass-margmitra-help-center (2)

‘मार्गमित्र’ के जरिए FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड की स्थिति, वार्षिक पास और लोकल पास जैसी सेवाओं पर तत्काल सहायता मिलेगी। जिन मामलों में विभागीय हस्तक्षेप की जरूरत होगी, उनकी शिकायत स्वतः संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। यात्री अपनी शिकायत की प्रगति रियल टाइम में ट्रैक कर सकेंगे और समाधान से असंतुष्ट होने पर अपील भी कर सकेंगे।

इसके अलावा उपयोगकर्ता FASTag की ब्लैकलिस्ट स्थिति जांचने, लंबित ई-नोटिस देखने और हाईवे पर बंद पड़े वाहनों, अतिक्रमण या अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रिपोर्ट भी कर सकेंगे। NHAI की यह पहल हाईवे के भौतिक विकास के साथ डिजिटल यात्री अनुभव को भी बदलने की दिशा में बड़ा कदम है। ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप पर अब तक 80 लाख से अधिक वार्षिक पास रियल टाइम एक्टिवेशन के साथ बेचे जा चुके हैं। NHAI ने यात्रियों से एंड्रॉइड और iOS प्लेटफॉर्म पर ऐप डाउनलोड कर इन डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें  महिला शक्ति का दम : 986 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड आज, CM योगी लेंगे सलामी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link