लखनऊ, 26 अप्रैल 2026:
यूपी पुलिस में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक और अहम कदम उठने जा रहा है। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के तहत चयनित महिला रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड रविवार सुबह लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित होगी। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त 986 महिला आरक्षी इस परेड में हिस्सा लेंगी। सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं परेड निरीक्षण कर सलामी लेंगे।
यह आयोजन राजधानी के साथ पूरे प्रदेश के लिए खास होगा। परेड का लाइव टेलीकास्ट प्रदेश के सभी जनपदों के पुलिस लाइंस, पीएसी वाहिनियों और प्रशिक्षण संस्थानों में किया जाएगा जिससे एक साथ महिला सशक्तीकरण का मजबूत संदेश प्रसारित होगा।
इन महिला आरक्षियों को प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक पुलिसिंग के हर पहलू से रूबरू कराया गया है। साइबर क्राइम की रोकथाम, सीसीटीएनएस, फॉरेंसिक साइंस, हथियार संचालन, अपराध नियंत्रण, विवेचना और पुलिस अभियोजन जैसे विषयों में इन्हें दक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही सोशल पुलिसिंग, आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पुलिस संचार प्रणाली की भी गहन ट्रेनिंग दी गई।
तकनीकी के साथ ही संवेदनशील पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में भारतीय संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता, अनुशासन, नैतिकता और जवाबदेही जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया। व्यावहारिक अभ्यास के तहत गार्ड ड्यूटी, बंदी एस्कॉर्ट, हवालात प्रबंधन, वर्दी अनुशासन और सैल्यूट की विधि में भी इन्हें पारंगत किया गया।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 1947 से 2017 तक यूपी पुलिस में महज 10 हजार महिलाओं की भर्ती हुई थी, लेकिन 2017 के बाद यह संख्या तेजी से बढ़कर 44-45 हजार तक पहुंच गई है। अब नई भर्तियों में 20 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य कर दी गई है। यह दीक्षांत परेड महिला आरक्षियों के लिए गर्व का क्षण होने के साथ प्रदेश में बदलती पुलिस व्यवस्था और बढ़ती महिला भागीदारी का प्रतीक भी बनकर उभरेगी।






