स्पोर्ट्स डेस्क, 28 जुलाई 2026:
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। एक बार फिर टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है। अनुभवी केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। टीम चयन में सबसे बड़ी चर्चा घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर सारांश जैन की है। उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है।
बीसीसीआई ने इस बार अनुभव और युवा खिलाड़ियों के संतुलन पर भरोसा जताया है। बल्लेबाजी सेक्शन में यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल जैसे नाम शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे जबकि ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार टीम को मजबूती देंगे।

तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में रहेगी। उनके साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि साईं सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद ही तय होगी।
इस टीम में कुछ अहम बदलाव भी देखने को मिले हैं। भारत ने पिछला टेस्ट मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था लेकिन उस टीम का हिस्सा रहे नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे और वॉशिंगटन सुंदर इस बार चयनित नहीं हुए हैं। बीसीसीआई ने बताया कि वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इसलिए उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई।
दूसरी ओर अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। जडेजा ने अपना पिछला टेस्ट पिछले वर्ष नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बरसापारा स्टेडियम में खेला था। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इस वर्ष जनवरी में हुआ था।

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस टेस्ट सीरीज पर टिकी हैं। नई ऊर्जा, अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी और सारांश जैन जैसे नए चेहरे के साथ भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
भारतीय टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ी
कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत व ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), साईं सुदर्शन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।






