Uttar Pradesh

शाहजहांपुर : जलालाबाद को अब भूल जाइए… नया नाम है परशुरामपुरी, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी

शाहजहांपुर, 20 अगस्त 2025:

यूपी के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद नगर का नाम अब परशुरामपुरी होगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसका आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इस निर्णय पर गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शाहजहांपुर स्थित जलालाबाद का नाम परिवर्तित कर ‘परशुरामपुरी’ करने की अनुमति देने पर गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद एवं आभार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आए इस निर्णय ने संपूर्ण सनातनी समाज को गर्व का क्षण प्रदान किया है।

दरअसल, प्रदेश सरकार ने जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी किए जाने के प्रस्ताव को पहले ही अनुमोदन दे दिया था। प्रदेश के प्रमुख सचिव ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया था, जिस पर अब केंद्र से मंजूरी मिल गई है।

माना जाता है कि जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली है। यहां भगवान परशुराम का प्राचीन मंदिर भी मौजूद है। इसी वजह से लंबे समय से नगर का नाम परशुरामपुरी किए जाने की मांग उठती रही थी। नगर पालिका परिषद ने मार्च 2018 और सितंबर 2023 में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किए थे। इसके बाद अप्रैल 2024 में शाहजहांपुर के डीएम ने प्रस्ताव को शासन को भेजा था।

प्रदेश सरकार ने इस मांग को उचित मानते हुए अपनी सहमति दी और अंततः गृह मंत्रालय ने भी इसे मंजूरी प्रदान कर दी। गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2022 को प्रदेश सरकार ने जलालाबाद को भगवान परशुराम की जन्मस्थली घोषित किया था।

ये भी पढ़ें  UP : NEET UG 2025 में फर्जी प्रमाण पत्र से 71 छात्रों का MBBS दाखिला निरस्त, दर्ज होगा केस

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button