Lucknow City

मां के प्रेम संबंध से खफा बेटे ने किया था संविदाकर्मी का मर्डर…नाबालिग चाचा संग गिरफ्तार

तीन साल से आरोपी की मां के संपर्क में था पीजीआई का संविदाकर्मी, आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद बेटे ने बनाया प्लान, शराब पिलाकर सुनसान प्लॉट में ले गया और चापड़ व ईंट से सिर कूच डाला

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 10 मई 2026:

बिजनौर थाना क्षेत्र में PGI के संविदा सफाईकर्मी सूरज गौतम की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक और उसके नाबालिग चाचा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी मां और सूरज गौतम के बीच चल रहे प्रेम संबंधों से नाराज था। इसी रंजिश में उसने नाबालिग चाचा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

बता दें कि शनिवार को असरफ नगर निवासी शुभम गौतम ने अपने भाई सूरज गौतम की हत्या की रिपोर्ट बिजनौर थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर जांच शुरू की। करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच गई।

पुलिस ने शनिवार देर रात करीब दो बजे ग्राम रसूलपुर इठुरिया नाले की पुलिया के पास से मुख्य आरोपी बिजनौर निवासी अनिल यादव और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी कहानी बता दी। जांच में पता चला कि आरोपी की मां और सूरज गौतम के बीच पिछले लगभग तीन साल से प्रेम संबंध थे। करीब दो महीने पहले आरोपी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसने सूरज को घर आने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद उसका आना-जाना जारी रहा। इसी बात से आरोपी के मन में गुस्सा बढ़ता गया।

आरोपी ने अपने नाबालिग रिश्तेदार, जिसे वह चाचा बताता है, के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 8 मई को दोनों ने सूरज को बुलाया और शराब खरीदने के लिए पैसे दिए। इसके बाद तीनों सूरज की बाइक से गांव के बाहर आम के बाग के पास एक सुनसान प्लॉट में पहुंचे।

वहां योजना के मुताबिक सूरज को ज्यादा शराब पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे चापड़ से उसके चेहरे पर हमला कर दिया। सूरज ने भागने की कोशिश की, लेकिन लड़खड़ाकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने चापड़ और ईंट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी सूरज का मोबाइल फोन अपने साथ ले गए और वारदात में इस्तेमाल चापड़ व खून से सनी ईंट पास के खेत में फेंक दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिए हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद दोनों ने कपड़ों से खून के निशान धोए और उसी हालत में एक शादी समारोह में शामिल हो गए, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इतना ही नहीं, पुलिस जांच के दौरान वे घटनास्थल पर भी पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी आठवीं तक पढ़ा है और एक मॉल में स्वीपर का काम करता है, जबकि नाबालिग आरोपी कक्षा नौ का छात्र है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button