Uttar Pradesh

बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में करंट फैलने से मची भगदड़, दो श्रद्धालुओं की मौत, 35 घायल

बाराबंकी, 28 जुलाई 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध अवसानेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को तड़के बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मंदिर के मुख्य द्वार पर बिजली का तार टूटकर गिरने से टिनशेड में करंट फैल गया। इससे भगदड़ मच गई। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि लगभग 35 अन्य घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक बंदर बिजली के तार पर कूदा। इससे तार टूटकर नीचे टिनशेड और लोहे की पाइप पर गिर गया। करंट फैलते ही अफरातफरी मच गई और श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

ये भी पढ़ें:

घायलों को तत्काल उपचार के लिए त्रिवेदीगंज और हैदरगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। त्रिवेदीगंज सीएचसी में 10 घायलों को पहुंचाया गया, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, हैदरगढ़ सीएचसी में 26 घायलों का इलाज चल रहा है।

Advertisement

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने व घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

हादसे में अब तक एक मृतक की पहचान प्रशांत पुत्र राम गोपाल निवासी मुबारकपुर थाना लोनीकटरा, बाराबंकी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हालांकि स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है और श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजा कर रहे हैं। पुलिस व प्रशासनिक टीमें घटना की विस्तृत जांच में जुटी हैं।

गौरतलब है कि लखनऊ से करीब 50 किलोमीटर दूर हैदरगढ़ इलाके में सुल्तानपुर रोड के निकट स्थित इस मंदिर में सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। आज तड़के तीन बजे के आसपास जब यह हादसा हुआ तब दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग मंदिर परिसर में मौजूद थे।

ये भी पढ़ें  सुल्तानपुर: 24 घंटे में पुलिस की बदमाशों से दूसरी मुठभेड़... 2 बदमाश फिर दबोचे, पैर में लगी गोली

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link