Uttar Pradesh

लखनऊ में कल से सजेगा तीन दिवसीय आम महोत्सव, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

लखनऊ, 3 जुलाई 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित अवध शिल्पग्राम में शुक्रवार से तीन दिवसीय आम महोत्सव-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार सुबह 10 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। आयोजन 6 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के बागवानी क्षेत्र की विविधता, खासतौर पर आम की 800 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को जानकारी दी कि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में उत्पादित आमों के कंटेनर को लंदन और दुबई समेत अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए रवाना करेंगे। साथ ही, वह एक स्मारिका का विमोचन और प्रदेश के प्रगतिशील आम उत्पादकों का सम्मान भी करेंगे।

महोत्सव के पहले दिन दोपहर 12 बजे से क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और तकनीकी सत्रों का आयोजन होगा। इसमें आम की सुरक्षित तुड़ाई, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन, विपणन और निर्यात जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शाम 6 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक पवन सिंह लोक प्रस्तुतियां देंगे।

ये भी पढ़ें:

5 जुलाई को सुबह 10 बजे से तकनीकी सत्रों का शुभारंभ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करेंगे। इस दिन आम उत्पादन तकनीक, पोषण प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण, संरक्षित खेती जैसे विषयों पर वैज्ञानिकों और किसानों के बीच संवाद होगा। दोपहर 2 बजे बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे।

6 जुलाई को सुबह 11 बजे से अंतिम दिन के तकनीकी सत्र में आम प्रसंस्करण तकनीकों, विभागीय योजनाओं और वैज्ञानिक-उत्पादक परिचर्चा होगी। दोपहर 3 बजे महोत्सव का समापन समारोह व पुरस्कार वितरण होगा, जिसमें मुख्य अतिथि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से 100 से अधिक किसान अपने उत्पादित आमों की विभिन्न प्रजातियों के साथ लखनऊ पहुंच चुके हैं।

ये भी पढ़ें  महिला स्वयं सहायता समूहों ने बदली यूपी की तस्वीर... गांव-गांव पहुंचा रोजगार का नया मॉडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button