
प्रमोद पासी
उन्नाव, 26 अगस्त 2026:
यूपी के उन्नाव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी दुर्गन खेड़ा गांव में मकान की एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर दादा और उसके 9 वर्षीय नाती की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

मृतकों की पहचान 62 वर्षीय हंसराम और उनके 9 वर्षीय नाती आयु पुत्र भीम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हंसराम मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। वहीं आयु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। आयु के पिता विकलांग बताए जा रहे हैं। वह हंसराम के घर पर ही रहता था।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को हंसराम और आयु किसी काम से कच्ची दीवार के पास मौजूद थे। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर दोनों के ऊपर जा गिरी। पलक झपकते ही दोनों मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े।

ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एक ही परिवार की दो जिंदगियां यूं अचानक छिन जाने से गांव में गम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर किसी की आंखें नम हैं।






