
लखनऊ, 11 सितंबर 2026:
यूपी की ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल करते हुए योगी सरकार ने पांच आईएएस और छह पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया। तबादलों में जालौन और बहराइच के जिलाधिकारी समेत बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी और झांसी के नगर आयुक्त बदले दिए गए हैं। इस फेरबदल को जिलों में शासन की प्राथमिकताओं और कामकाज को गति देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

राजेश कुमार पांडेय बहराइच और समीर बने जालौन के डीएम
शासन की ओर से जारी सूची के मुताबिक जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को अब बहराइच का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को समीर को जालौन का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बहराइच के मौजूदा डीएम अक्षय त्रिपाठी को केंद्र सरकार में तैनाती के लिए भेजा गया है।

बाराबंकी के सीडीओ होंगे पंकज वर्मा
इसी क्रम में नगर आयुक्त झांसी आकांक्षा राना को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को की जिम्मेदारी दी गई है। बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी सूदन को नगर आयुक्त झांसी बनाया गया है। वहीं सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण पंकज वर्मा अब बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी होंगे।
इन PCS अफसरों की जिम्मेदारी बदली
सरकार ने छह पीसीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय के कुल सचिव एवं अपर निदेशक संस्कृति निदेशालय सुशील प्रताप सिंह को सचिव एलडीए बनाया गया है। एलडीए के संयुक्त सचिव अतुल कुमार को भातखंडे संस्कृत विश्वविद्यालय का कुलसचिव एवं अपर निदेशक संस्कृति निदेशालय नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा राजेश कुमार सिंह को एसडीएम बदायूं से एडीएम (नागरिक आपूर्ति), कानपुर नगर, संजय कुमार सिंह को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गोंडा से उपनिदेशक (प्रशासन) युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल बनाया गया है। प्रमोद झा को नगर मजिस्ट्रेट झांसी से एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गोंडा और योगेश्वर सिंह को एसडीएम कुशीनगर से नगर मजिस्ट्रेट झांसी की जिम्मेदारी दी गई है।






