ElectionsLucknow City

UP Election 2027: राहुल गांधी से मुलाकात, फिर बड़ा ऐलान… स्वामी प्रसाद मौर्य की INDIA गठबंधन में एंट्री

दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मौर्य बोले- अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी, सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर बाद में होगी चर्चा

लखनऊ, 3 अक्टूबर 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 की तैयारियों के बीच प्रदेश की सियासत में शनिवार को गठबंधन का नया अध्याय जुड़ गया है। पूर्व मंत्री एवं अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। 10 जनपथ पर हुई इस मुलाकात के बाद मौर्य ने INDIA गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया।

इस मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, गठबंधन की चुनावी रणनीति क्या होगी, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इन मुद्दों पर आगे सहयोगी दलों के साथ बातचीत की जाएगी।

‘BJP हटाओ, देश और संविधान बचाओ’ का दिया नारा

पूर्व मंत्री मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य ‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ और संविधान बचाओ’ है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह देशभर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी भी उत्तर प्रदेश में इन वर्गों के सवालों को लेकर काम कर रही है।

ये भी पढ़ें:

up-election-2027-swami-prasad-maurya-ki-apni-janata-party-india-gathbandhan-me-shamil (2)

उन्होंने कहा कि समान विचारधारा के आधार पर अपनी जनता पार्टी ने INDIA गठबंधन के साथ जाने का फैसला किया है। मौर्य के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही एक विकल्प है। इसी सोच के साथ गठबंधन का हिस्सा बनने का निर्णय लिया गया है।

मुलाकातों का सिलसिला अभी आगे बढ़ेगा

स्वामी प्रसाद मौर्य ने संकेत दिया कि राहुल गांधी से हुई मुलाकात को आगे की राजनीतिक कवायद की शुरुआत के तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समान विचारधारा वाले दलों और नेताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश जारी है और आने वाले समय में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

खास बात यह है कि कुछ महीने पहले तक मौर्य छोटे दलों को साथ लाकर अलग राजनीतिक मोर्चा तैयार करने की कवायद में भी सक्रिय रहे थे। गत जून-जुलाई में अपनी जनता पार्टी, आजाद समाज पार्टी और AIMIM जैसे दलों को लेकर तीसरे मोर्चे की संभावनाओं की चर्चा सामने आई थी।

BSP से BJP और SP तक, अब INDIA गठबंधन के साथ

स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक सफर कई प्रमुख दलों से होकर गुजरा है। वह लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी में सक्रिय रहे और मायावती सरकार में मंत्री तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने बीजेपी का रुख किया और 2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री बने।

इसके बाद बीजेपी छोड़कर वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। सपा से अलग होने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई। अब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी अपनी जनता पार्टी का INDIA गठबंधन के साथ आना प्रदेश की गठबंधन राजनीति में एक नया घटनाक्रम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें  IAS रिंकू सिंह राही की चिट्ठी से मचा हड़कंप, लिखा... काम आधा तो सैलरी भी आधी कर दो, मंत्री-विधायक पर भी सवाल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link