Uttar Pradesh

UP अंशकालिक अनुदेशकों पर सम्मान और सौगात की बारिश, कल प्रदेशभर में भव्य आयोजन

सीएम योगी लखनऊ में लोकभवन से करेंगे शुभारंभ, बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक बांटकर साधे जाएंगे लाखों अनुदेशक, जिलों में मंत्री-विधायक भी उतरेंगे मैदान में

लखनऊ, 16 मई 2026:

यूपी में अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और उनके बढ़े हुए मानदेय को लेकर योगी सरकार रविवार को प्रदेशव्यापी भव्य आयोजन करने जा रही है। राजधानी लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में सीएम योगी स्वयं कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम रविवार शाम 4 बजे से आयोजित होगा, जिसे लेकर शासन और जिला प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सरकार द्वारा पूर्व में जारी शासनादेश के तहत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया गया था। यह बढ़ा हुआ मानदेय गत एक अप्रैल से प्रभावी किया गया है। अब इसी फैसले को धरातल पर उतारते हुए प्रदेशभर में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार इस आयोजन को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं बल्कि शिक्षक सम्मान उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी में है।

इस बारे में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी डीएम को निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के समानांतर हर जिले में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं। कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, डीएम, सीडीओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।

सरकार ने जिला प्रशासन को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और बड़ी संख्या में शिक्षकों, अंशकालिक अनुदेशकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के बाद जिलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे।

इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनप्रतिनिधियों के संबोधन भी होंगे। योगी सरकार इस आयोजन के जरिए संदेश देना चाहती है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और हितों को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button