
लखनऊ, 6 जुलाई 2026:
Samajwadi Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 Uttar Pradesh Assembly Election को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि उन्हें सपने में सपा की 270 सीटें दिखाई दीं। उनका कहना है कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनेगी। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी एक-एक मामले में FIR दर्ज कराएगी।
लखनऊ में सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर कई मोर्चों पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा विधायक अपना विधानसभा क्षेत्र बदलने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि हम विधायक बदल देंगे अगर उनमें हिम्मत है तो अपने मौजूदा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ें, समाजवादी पार्टी उन्हें वहीं हराने के लिए तैयार है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार नई उपलब्धियां गिनाने की स्थिति में नहीं है। उनके मुताबिक समाजवादी पार्टी की सरकार के समय शुरू हुई कई परियोजनाओं का उद्घाटन आज भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान शुरू हुए विकास कार्यों की रफ्तार बाद में प्रभावित हुई। ग्रीन कवर लखनऊ का हम लोगों ने बढ़ाया, रिवरफ्रंट बनाया लेकिन उसे भी इस सरकार ने बर्बाद कर दिया। लखनऊ मेट्रो आगे नहीं बढ़ पाई। भाजपा पर फर्जी एमओयू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी राजनीति नहीं करेगी। देश में सबसे ज्यादा इंजीनियरिंग कॉलेज कहीं बंद हुए हैं तो उत्तर प्रदेश में हुए हैं। अन्याय अत्याचार हर सीमा लांघ गया है, यही तो मॉडल है इस सरकार का। पूरी सरकार वनस्पति के नशे में है।
अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस पूरे मामले का संज्ञान देश-दुनिया के रामभक्तों के साथ सुप्रीम कोर्ट को भी लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था से जुड़े मामलों में लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन विवादों का असर श्रद्धालुओं की संख्या पर पड़ा है। सच्चाई तो ये है चढ़ावा चंदा चोरी का गिरोह जनाक्रोश का सामना नहीं कर पा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर पार्टी पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोट ही नहीं, प्रत्याशियों को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर भी नजर रखी जाएगी। विदेश नीति पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हमेशा पक्ष रहा है कि चीन से खतरा हमेशा बढ़ता जाएगा। इतिहास उठाकर देख लीजिए सबसे ज्यादा चीन ने हमारी जमीनें छीनी हैं। चीन के बढ़ते खतरे को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है।






