
वाराणसी, 16 अगस्त 2026:
यूपी के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। हादसे में दो एयरपोर्ट के सिक्योरिटी स्क्रीनर घायल हो गए। घायलों की पहचान बिहार के गया निवासी सुमन कुमारी व नालंदा निवासी रोहित के रूप में हुई है।
असलहा जमा करने से पहले हुआ फायर
आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। एयरपोर्ट पर तय प्रक्रिया के तहत यात्री के असलहे को सील करके पायलट केबिन में रखा जाता है।
मैगजीन अलग करते समय दबा ट्रिगर
असलहा जमा करने की प्रक्रिया में पिस्टल से मैगजीन अलग करना जरूरी होता है। इसी दौरान कमलेश राय मैगजीन निकाल रहे थे, तभी ट्रिगर दब गया। पिस्टल से निकली गोली महिला स्क्रीनर सुमन कुमारी के पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली रोहित के हाथ को छूकर निकल गई।
दोनों घायलों को अस्पताल भेजा
गोली चलने के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा। सुमन कुमारी बिहार के गया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, जबकि रोहित नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर रोहिणी रोड निवासी हैं।

आजमगढ़ में है कॉलेज, मुंबई में रह चुका है पूर्व पार्षद
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कमलेश राय को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि तय प्रक्रिया के दौरान हथियार से फायर कैसे हुआ। बताया गया कि कमलेश आजमगढ़ में कॉलेज चलाते हैं। मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुका है। सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के कई नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें भी मौजूद हैं।

एयरपोर्ट पर तय है असलहा जमा करने की प्रक्रिया
फ्लाइट से यात्रा करने वाले यात्री के लाइसेंसी हथियार को एयरपोर्ट की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराया जाता है। इसके लिए एयरलाइंस की ओर से तय शुल्क भी लिया जाता है। जांच के दौरान इसी प्रक्रिया के तहत कमलेश राय की पिस्टल जमा कराई जा रही थी, तभी यह घटना हुई।






