वाराणसी : मॉरीशस पीएम का दौरा आज से, पीएम मोदी कल पहुंचेंगे काशी, भव्य स्वागत की तैयारी

वाराणसी, 10 सितंबर 2025:
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम आज तीन दिवसीय भारत दौरे पर काशी पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत के लिए शहर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और होर्डिंग्स से सजाया गया है। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और कई मंत्री उनकी अगवानी करेंगे।

रामगुलाम अपने प्रवास के दौरान गंगा आरती में शामिल होंगे और बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। उनका काफिला एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होटल ताज पहुंचेगा। वे कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेंगे। वहीं पीएम मोदी का अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का ये 52वां दौरा होगा। उनके साढ़े तीन घंटे के प्रवास के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे।
इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में 15 आईपीएस अधिकारी, 50 गजटेड ऑफिसर और करीब 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
-शगुनहां तिराहा से हवाई अड्डे व शहर की ओर आवागमन बंद।
-बाबतपुर चौकी से शहर की ओर वाहनों पर रोक, बड़ागांव की ओर डायवर्जन।
-हलुआ फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बंद।
-वाजिदपुर, भेलखा मोड़, हरहुआ चौराहा सहित अन्य मार्गों पर डायवर्जन।
-कचहरी से सर्किट हाउस, भोजूबीर, गोलघर मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित।
-होटल ताज के आसपास नदेसर, इंडिया होटल, जेएचवी और कैंटोनमेंट की ओर डायवर्जन।






