“मॉडल चाय वाली” सिमरन गुप्ता से हाथापाई… चौकी इंचार्ज व सिपाही लाइन हाजिर

लखनऊ, 11 जून 2025:
“मॉडल चाय वाली” के नाम से पहचानी जाने वाली पूर्व मॉडल सिमरन गुप्ता के साथ मड़ियांव इलाके में गत रविवार रात हाथापाई और बदसलूकी करने के मामले में आरोपी पुलिस वालों पर एक्शन हुआ है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राम-राम बैंक चौकी इंचार्ज आलोक चौधरी और कांस्टेबल अभिषेक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मालूम हो कि सिमरन गुप्ता मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया छोड़कर “मॉडल चाय वाली” के नाम से चाय की दुकान शुरू की थी। शुरुआत में उन्होंने गोरखपुर के हरिओम नगर तिराहे पर दुकान खोली, लेकिन बाद में बेहतर संभावनाओं की तलाश में लखनऊ आ गईं। वे मड़ियांव इलाके में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास अपनी चाय की दुकान चलाने लगीं, जहां घटना हुई।
सिमरन ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिसकर्मी उनसे पैसे की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने पैसे देने से इंकार कर दिया, तो कथित रूप से रविवार रात के समय पुलिसकर्मी उनकी दुकान पर पहुंचे, गाली-गलौज की और उनके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने घटना का संज्ञान लिया और चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया।






