न्यूज डेस्क, 3 जून 2026:
फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। सलमान खान की लीगल टीम द्वारा नोटिस भेजे जाने के बाद अब फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। अमित जानी ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि उनकी फिल्म पूरी तरह सलमान खान की बायोपिक नहीं है और न ही फिल्म सिर्फ सलमान के नजरिए से बनाई गई है।
सलमान खान की लीगल टीम बना रही दबाव
अमित जानी ने आरोप लगाया कि सलमान खान की लीगल टीम उन पर दबाव बना रही है ताकि फिल्म की रिलीज रोकी जा सके और 20 जून को आने वाला काला हिरण का टीजर जारी न किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘काला हिरण’ सिर्फ किसी अभिनेता की कहानी नहीं बल्कि बिश्नोई समाज के संघर्ष, उनकी विरासत और वन्यजीवों के प्रति उनके समर्पण को दिखाने वाली फिल्म है। जानी के मुताबिक सलमान खान फिल्म का केवल एक हिस्सा हैं।

कानूनी प्रक्रिया पर पड़ सकता है प्रभाव
दरअसल, सलमान खान की ओर से लॉ फर्म डीएसके लीगल ने फिल्म से जुड़े लोगों को नोटिस भेजा है। नोटिस में फिल्म ‘काला हिरण’ के प्रोडक्शन और प्रमोशन को तुरंत रोकने की मांग की गई है। सलमान की लीगल टीम का कहना है कि यह फिल्म कथित तौर पर काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इससे अभिनेता की छवि के साथ चल रही कानूनी प्रक्रिया पर भी प्रभाव पड़ सकता है। टीम का दावा है कि सलमान खान ने अपने नाम, पहचान या उनसे जुड़े किसी कथित घटनाक्रम के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी है।
गहरा सकता है लॉरेंस बिश्नोई विवाद
फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर हाल ही में रिलीज किया गया था और मेकर्स ने घोषणा की थी कि इसका टीजर 20 जून को जारी होगा। बताया जा रहा है कि फिल्म में सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े विवाद को भी दिखाया जा सकता है। हालांकि फिल्म में कौन किस भूमिका में नजर आएगा इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

काला हिरण शिकार केस से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला साल 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार केस से जुड़ा है। उस समय सलमान खान जोधपुर में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग कर रहे थे। उन पर काला हिरण के शिकार का आरोप लगा था। अप्रैल 2018 में सलमान खान को इस मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई थी हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। फिलहाल यह मामला राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है और अगली सुनवाई 13 जुलाई को होनी है।






