
अयोध्या, 14 अगस्त 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय अयोध्या दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री की यात्रा रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े संतों के प्रति श्रद्धा, रामभक्ति और संत परंपरा के सम्मान से ओतप्रोत रही। अयोध्या पहुंचते ही उन्होंने रामकथा पार्क स्थित ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचकर उनकी 23वीं पुण्यतिथि पर पुष्पार्चन किया और श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्रीराम जन्मभूमि न्यास के प्रथम अध्यक्ष रहे परमहंस रामचंद्र दास महाराज का अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा था। गोरक्षपीठ के ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के साथ वह रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में शामिल रहे। योगी आदित्यनाथ का भी उनसे आत्मीय संबंध रहा है। समाधि स्थल पर बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु मौजूद रहे तथा उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी पहुंचे और बजरंगबली के दर्शन-पूजन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने हनुमानगढ़ी स्थित इमली बाग में स्वर्गीय महंत संत रामदास को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। हनुमानगढ़ी से मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद वह दिगंबर अखाड़ा पहुंचे और परमहंस रामचंद्र दास महाराज के 23वें पुण्य स्मृति महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने संत-महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री रायगंज स्थित संत रविदास मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने संत रविदास को नमन किया और मंदिर के स्वर्गीय महंत पूज्य बनवारी पति ब्रह्मचारी को पुष्पांजलि अर्पित की। योगी के अयोध्या दौरे के दौरान संत समाज और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।






