Lucknow CityUttar Pradesh

काला बैज, कड़ा संदेश : 5 दिवसीय बैंकिंग पर अड़े कर्मियों ने सरकार को दी ये चेतावनी

लखनऊ समेत देशभर में विरोध तेज, 16 मई को काले वस्त्रों में प्रदर्शन, मांगें न मानी गईं तो हड़ताल का अल्टीमेटम

लखनऊ, 2 मई 2026:

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर बैंककर्मियों के स्वर मुखर होते जा रहे हैं। शनिवार को देशभर के कर्मचारियों और अधिकारियों ने काला बैज लगाकर काम किया। इसका असर राजधानी लखनऊ की विभिन्न बैंक शाखाओं में साफ दिखाई दिया।

बैंककर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग उठा रहे हैं। इस मुद्दे पर पहले भी राष्ट्रव्यापी आंदोलन और एक दिवसीय हड़ताल की जा चुकी है। इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। यूनाइटेड फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार की ओर से स्केल-फोर और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए मनमाने तरीके से पीएलआई लागू करने का निर्देश भी दिया गया है। यह पूर्व समझौतों की अनदेखी है।

5-Day Banking Protest Bank Employees Demand Change (1)

ये भी पढ़ें:

इसी के विरोध में शनिवार को बैंककर्मियों ने काला बैज लगाकर काम किया और भोजनावकाश के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया। डीके सिंह, लक्ष्मण सिंह, ललित श्रीवास्तव, मनमोहन दास, वीके माथुर, संदीप सिंह, विभाकर कुशवाहा, बीडी पाण्डेय, विशाखा वर्मा, स्वाति सिंह सहित कई बैंक नेताओं के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों के बाहर नारेबाजी की गई।

यूनाइटेड फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि आंदोलन अभी थमने वाला नहीं है। 16 मई को सभी पदाधिकारी और सदस्य काले वस्त्र पहनकर विरोध जताएंगे और देशभर में सभाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया तो बैंककर्मी हड़ताल सहित बड़े आंदोलनात्मक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  SBI कर्मचारियों का बिगुल : काले कपड़ों में विरोध, मांगें न मानीं तो 24-25 मई को देशव्यापी हड़ताल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link