Uttarakhand

टोना-टोटका की पोटली से फैलाता था डर.. तंत्र-मंत्र के बहाने समेट लेता था जेवर, तांत्रिक को दबोचा

पुलिस ने बरामद किया 15 तोला सोना और 5 लाख कैश, रात में घरों के बाहर फेंकता था पोटली, फिर अनिष्ट का भय दिखाकर करता था संपर्क सेलाकुई की महिला से 65 तोला सोना हड़पने का आरोप, पूछताछ में कबूला पूरा खेल

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 11 जून 2026:

देहरादून पुलिस ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का डर दिखाकर लोगों के जेवर हड़पने वाले एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी के सोने को गलाकर बनाए गए करीब 150 ग्राम के बिस्कुटनुमा बार और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने की।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 मई को सेलाकुई निवासी ओशीन गुरंग ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि राहुल थापा नाम के व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर उनके घर में पूजा कराने के दौरान करीब 65 तोला सोना हड़प लिया।

मामले में थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई निवासी राहुल थापा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक राहुल थापा पिछले कई वर्षों से ये काम कर रहा था। ज्यादा पैसा कमाने के लालच में उसने लोगों को जाल में फंसाने का तरीका तैयार किया। वह रात के समय घरों के बाहर टोना-टोटका की सामग्री से भरी पोटली फेंक देता था। इसके बाद खुद ही लोगों से संपर्क कर अनिष्ट और बुरे प्रभाव का डर दिखाता था। फिर विशेष पूजा और तंत्र-मंत्र के नाम पर घरों में पहुंचकर जेवर और नकदी अपने कब्जे में कर लेता था।

जांच में सामने आया कि पीड़िता के घर के बाहर भी आरोपी ने इसी तरह पोटली फेंकी थी। बाद में तंत्र-मंत्र से मुक्ति दिलाने का भरोसा देकर घर में पूजा कराई और अनुष्ठान के बहाने संदूक में रखे जेवर अपने कब्जे में ले लिए। आरोपी की बताई जगह से पुलिस ने ठगी से मिले सोने को गलाकर बनाए गए करीब 150 ग्राम के बार और आभूषण बेचकर हासिल किए गए 5 लाख नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने इसी तरह की वारदातें और किन लोगों के साथ की हैं। बाकी आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button