विजय पटेल
रायबरेली, 16 जून 2026:
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले रायबरेली में योग को लेकर माहौल बनना शुरू हो गया है। 21 जून को होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर मंगलवार को योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इंदिरा उद्यान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी और विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में योग गुरु डॉ. रवि प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर भी जानकारी दी।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली में योग स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन का सबसे असरदार माध्यम बनकर सामने आया है। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने की अपील की और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
योग शिविर में स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय मौजूदगी रही। किसना डायमंड एंड ज्वेलरी ग्रुप के इस आयोजन के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाने का भी संकल्प लिया।






