न्यूज डेस्क, 16 जून 2026:
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की संपत्ति में ऐसा उछाल आया जिसने अरबपतियों की दौलत के तमाम रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ में 164 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। यह रकम एशिया के बड़े उद्योगपति गौतम अडानी की कुल संपत्ति 115 अरब डॉलर से भी ज्यादा है।
स्विट्जरलैंड की GDP से आगे निकल गई संपत्ति
इस उछाल के बाद एलन मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर 1.27 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा दुनिया के कई देशों की पूरी अर्थव्यवस्था के बराबर या उससे भी अधिक माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के ताजा आंकड़ों के मुताबिक स्विट्जरलैंड की जीडीपी करीब 1.15 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि मस्क की निजी संपत्ति उससे आगे निकल चुकी है। मस्क पहले ही ताइवान, आयरलैंड, बेल्जियम, स्वीडन, इजरायल और अर्जेंटीना जैसे देशों की जीडीपी के मुकाबले ज्यादा संपत्ति वाले व्यक्ति बन चुके हैं। अब उनकी दौलत पोलैंड की अर्थव्यवस्था के भी करीब पहुंच गई है।
स्पेसएक्स की तेजी ने बदली तस्वीर
मस्क की संपत्ति में यह बड़ा इजाफा मुख्य रूप से स्पेसएक्स के शेयरों में आई जोरदार तेजी की वजह से हुआ। कंपनी के शेयर सोमवार को प्री-मार्केट कारोबार में करीब 7.7 फीसदी चढ़कर 173.30 डॉलर तक पहुंच गए। इससे पहले कंपनी के ऐतिहासिक आईपीओ के बाद शेयरों में 19 फीसदी की उछाल दर्ज की गई थी। इस तेजी के साथ स्पेसएक्स का बाजार मूल्य 2 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया। कंपनी में मस्क की बड़ी हिस्सेदारी होने की वजह से उनकी नेटवर्थ में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अडानी-अंबानी की संयुक्त संपत्ति से भी कई गुना आगे
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार इस समय भारत के दो अरबपति मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी की नेट वर्थ क्रमश $86.8B और $85.2B है। दोनों की कुल नेटवर्थ 172 बिलियन डॉलर है। मस्क की मौजूदा संपत्ति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की कुल संपत्ति से कई गुना ज्यादा है। खास बात यह है कि सोमवार को उनकी दौलत में जितनी बढ़ोतरी हुई, वह अकेले गौतम अडानी की पूरी नेटवर्थ से भी अधिक रही।
टेस्ला भी बना हुआ है मजबूत सहारा
स्पेसएक्स फिलहाल मस्क की सबसे बड़ी संपत्ति बन चुकी है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला भी उनकी दौलत बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। सोमवार को टेस्ला के शेयरों में भी 1.16 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जिससे उनकी कुल संपत्ति को अतिरिक्त मजबूती मिली।






