एंटरटेनमेंट डेस्क, 16 जून 2026:
मुंबई की इमारतों की छत पर बनी पानी की टंकियों में छिपकर रातें बिताने वाला एक संघर्षशील युवक एक दिन इंडियन सिनेमा का बड़ा सुपरस्टार बन जाएगा, यह शायद किसी ने सोचा न था। आज बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जीवन संघर्ष, मेहनत और असाधारण सफलता की ऐसी कहानी है, जो किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती।

16 जून 1950 को कोलकाता में जन्मे मिथुन चक्रवर्ती का असली नाम गौरांग चक्रवर्ती है। युवावस्था में वे नक्सल आंदोलन से जुड़े रहे, लेकिन भाई की अचानक मौत के बाद उन्होंने परिवार के पास लौटने का फैसला किया। बाद में उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से अभिनय की पढ़ाई की और फिल्मों में करियर बनाने मुंबई पहुंच गए।
संघर्ष के दिनों में उन्होंने कई दिन भूखे रहकर गुजारे। काम की तलाश में वो हेलन और रेखा जैसी अभिनेत्रियों के स्पॉटबॉय तक बने। रहने की जगह न होने के कारण वे रात में इमारतों की छतों पर बनी पानी की टंकियों में छिपकर सोते थे ताकि सुरक्षा गार्ड उन्हें वहां से निकाल न दें।
मिथुन ने 1976 में फिल्म ‘मृगया’ से बॉलीवुड में कदम रखा और पहली ही फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत लिया। हालांकि उन्हें असली पहचान 1982 में रिलीज हुई ‘डिस्को डांसर’ से मिली। फिल्म का ‘जिमी-जिमी’ गीत और उनका डांस स्टाइल पूरी दुनिया में मशहूर हो गया। उस वक्त रूस में उनकी लोकप्रियता इतनी ज्यादा थी कि लोग उनके डांस स्टेप्स की नकल करते थे, उनके जैसे कपड़े पहनते थे और उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते थे।
बताया जाता है कि ‘डिस्को डांसर’ 100 करोड़ रुपये से अधिक कमाई करने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी थी। उस समय अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र और जीतेंद्र जैसे बड़े सितारों के बावजूद मिथुन का अलग ही क्रेज देखने को मिलता था।

1993 से 1998 के बीच उनकी लगातार 33 फिल्में फ्लॉप रहीं, लेकिन इसके बावजूद उनका स्टारडम बरकरार रहा। 1989 में उनकी 19 फिल्में रिलीज हुई थीं, जो आज भी एक रिकॉर्ड माना जाता है जो लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
फिल्मों के अलावा मिथुन ने राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 2014 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से राज्यसभा सांसद के रूप में राजनीतिक पारी शुरू की थी। हालांकि दिसंबर 2016 में उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बाद में मार्च 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वे बीजेपी में शामिल हो गए।
उन्होंने ‘डांस इंडिया डांस’ और ‘डांस बंगला डांस’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो में ग्रैंड मास्टर की भूमिका निभाई। इसके अलावा ‘दादागिरी अनलिमिटेड’, ‘बिग बॉस बंगाली’ और ‘रानाघोरे रॉकस्टार’ जैसे कार्यक्रमों को भी होस्ट किया। वर्ष 2021 में वे ‘डांस डांस जूनियर’ और 2022 में ‘हुनरबाज’ में जज के रूप में नजर आए।
मिथुन चक्रवर्ती 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। मुंबई और ऊटी में उनके आलीशान घर हैं, जहां वे बड़ी संख्या में कुत्तों की देखभाल करते हैं। अभिनय के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें तीन राष्ट्रीय पुरस्कार, पद्म भूषण और भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।






