Lucknow City

सिर्फ 25% पेमेंट पर मिलेगा अपना आशियाना, LDA ने PM आवास लाभार्थियों को दी बड़ी राहत

30 जून से 2 जुलाई तक लगेगा विशेष शिविर, 84 आसान किश्तों में जमा करनी होगी शेष रकम, बसंतकुंज योजना के 1822 आवंटियों को भी मिलेगा लाभ

लखनऊ, 17 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के लाभार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब घर का सपना पूरा करने के लिए पूरी रकम जमा करने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने फैसला किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मकान की कुल कीमत का केवल 25 प्रतिशत भुगतान करने पर ही भवन का भौतिक कब्जा दे दिया जाएगा। इससे हजारों परिवार किराए के मकानों की परेशानी से निकलकर अपने घर में रहने का सपना जल्द पूरा कर सकेंगे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए प्राधिकरण बोर्ड ने प्रस्ताव पारित कर दिया है। योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एलडीए भवन के कमेटी हॉल में 30 जून से 2 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी आवंटी आवेदन कर सकेंगे।

उपाध्यक्ष ने बताया कि जुलाई 2025 तथा इसी वर्ष फरवरी में हुई लॉटरी के माध्यम से बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में 1822 लोगों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए थे। हाल ही में इन आवंटियों को आवंटन पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। अब इन सभी को भी केवल 25 प्रतिशत भुगतान पर मकान का कब्जा लेने का विकल्प मिलेगा।

एलडीए के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आवास की कुल कीमत 4,79,550 रुपये निर्धारित है। आवंटी को इसकी 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। इसके बाद एलडीए आवंटी के साथ रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करेगा और भवन का भौतिक कब्जा सौंप दिया जाएगा। हालांकि आवंटी को जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड सहित अन्य निर्धारित शुल्क भी जमा करने होंगे।

सबसे बड़ी राहत यह है कि शेष राशि का भुगतान एकमुश्त नहीं करना पड़ेगा। बची हुई रकम 7 वर्षों यानी 84 आसान मासिक किश्तों में जमा की जा सकेगी। इसके तहत आवंटी को लगभग 5,428 रुपये प्रतिमाह की किश्त अदा करनी होगी। एलडीए के इस फैसले से हजारों परिवारों के लिए अपना घर पाने की राह आसान होने की उम्मीद है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button